भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कमान अभी हरमनप्रीत कौर के पास है। मिताल राज ने बताया कि हरमनप्रीत के बाद कौन-कौन कप्तान बने। उन्होंने 22 वर्षीय प्लेयर का भी नाम लिया।
भारत की पूर्व कप्तान मिताली राज का मानना है कि हरमनप्रीत कौर के बाद 29 वर्षीय स्मृति मंधाना को वनडे क्रिकेट में और 22 वर्षीय शेफाली वर्मा को टी20 में भारत की कप्तानी सौंपी जानी चाहिए। 37 वर्ष की हरमनप्रीत की कप्तानी में भारत ने पिछले साल वनडे वर्ल्ड कप जीता लेकिन 2018 से अब तक टी20 प्रारूप में आईसीसी टूर्नामेंट नहीं जीत सकी है।
‘आप चाहेंगे कि कप्तान फिट और हमेशा…’
मिताली ने पीटीआई से बातचीत में कहा, ”हम लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में नहीं पहुंच सके लेकिन सिर्फ इसी आधार पर यह निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता कि कप्तान बदलने की जरूरत है। मेरा मानना है कि कई मानदंडों को देखना चाहिए कि खिलाड़ी उन पर खराब उतरा है या नहीं।” उन्होंने कहा, ”एक तो फिटनेस है जो काफी अहम है। पिछले दो तीन साल में आपने देखा होगा कि हरमन को फिजियो की मैदान पर जरूरत पड़ी है। कुछ मैचों में वह उपलब्ध नहीं रहीं। आप चाहेंगे कि आपका कप्तान फिट और हमेशा उपलब्ध हो। हम सभी की उम्र तो बढ़नी ही है और इसलिए वह सबसे फिट नहीं है।”
क्या वह अगला वर्ल्ड कप मेंखेल सकेंगी?
उन्होंने कहा, ”पिछले तीन वर्ल्ड कप में उसके फॉर्म को देखें तो वह 15, 20 रन बनाती हैं और अर्धशतक बनाने के लिए तीन चार मैच इंतजार करना पड़ता है। इसके अलावा आपको यह भी देखना होगा कि अगले वनडे या टी20 वर्ल्ड कप में क्या वह खेल सकेंगी। फैसला लेने वालों को इन चीजों को ध्यान में रखना होगा।” मिताली ने कहा, ”अगर आपको ऐसा लगता है कि टी20 विश्व कप में खराब प्रदर्शन के कारण ही बदलाव जरूरी है। कोच (अमोल मजूमदार) भी जवाबदेह है क्योंकि अंतिम एकादश पर फैसला कप्तान और कोच दोनों लेते हैं।”
‘दो-तीन साल पहले कप्तानी संभाल लेंगी’
भविष्य के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा, ”मुझे तो लगता था कि स्मृति दो-तीन साल पहले ही वनडे प्रारूप की कप्तानी संभाल लेंगी। लेकिन अब भी उनके अपार अनुभव को देखते हुए कम से कम वनडे और टेस्ट प्रारूप की कप्तानी तो उन्हें ही दी जानी चाहिए और शायद टी20 प्रारूप किसी युवा खिलाड़ी को सौंपा जा सकता है। लेकिन वनडे के लिए तो साफ तौर पर अनुभव की जरूरत होती है।” उन्होंने कहा, ”टी20 में शेफाली कप्तान हो सकती है। वह अंडर 19 वर्ल्ड कप में कप्तान रह चुकी है। जेमिमा भी डब्ल्यूपीएल में कप्तान रही है लेकिन मेरा मानना है कि जिसे भी कप्तान बनाये, उसे कुछ समय दें।”