Skyroot Vikram 1 Rocket Launch: देश का पहला प्राइवेट रॉकेट स्काईरूट एयरोस्पेस का ‘विक्रम-1’ लॉन्च कर दिया गया है। स्काईरूट एयरोस्पेस ने बताया कि इस रॉकेट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथ से लिखा एक पोस्टकार्ड है, जिस पर ‘वंदे मातरम’ लिखा है। इस लॉन्चिंग के साथ अंतरिक्ष में भारत एक और छलांग लगाने में सफल हो गया।

देश के पहले प्राइवेट रॉकेट विक्रम-1 की खास बातें
- ‘विक्रम-1’ भारत का पहला निजी तौर पर विकसित रॉकेट है।
- इसे सैटेलाइट को ऑर्बिट में पहुंचाने के लिए डिजाइन किया गया है।
- विक्रम-1 के ऑर्बिटल एडजस्टमेंट मॉड्यूल को पूरी तरह से 3डी-प्रिंटेड लिक्विड इंजन से पावर मिलती है।
- यह पहली बार है जब किसी भारतीय ऑर्बिटल लॉन्च व्हीकल में इस तरह के इंजन का इस्तेमाल किया जा रहा है।
- मिशन ‘आगमन’ नाम से इसका प्रक्षेपण आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र (एसडीएससी-एसएचएआर) के फर्स्ट लॉन्चिंग पैड से की गई।
- विक्रम-1 की इस परीक्षण उड़ान के साथ ही भारत वैश्विक निजी कक्षीय प्रक्षेपण बाजार में प्रवेश कर गया है।
- पूरी तरह एक भारतीय निजी कंपनी की ओर से विकसित विक्रम-1 देश का पहला निजी निर्मित कक्षीय प्रक्षेपण यान है।
- इसे भारत की वाणिज्यिक अंतरिक्ष क्षमताओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
पीएम मोदी का हाथ से लिखा ‘वंदे मातरम’ पोस्टकार्ड ले जाएगा
- मिशन ‘आगमन’ का विक्रम-एस सबऑर्बिटल रॉकेट के सफल प्रक्षेपण के बाद स्काईरूट एयरोस्पेस का दूसरा अंतरिक्ष मिशन है।
- इस मिशन के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हस्तलिखित ‘वंदे मातरम’ संदेश वाला एक पोस्टकार्ड भी विक्रम-1 प्रक्षेपण यान के साथ भेजा गया है।
- स्काईरूट एयरोस्पेस के अनुसार, प्रधानमंत्री का यह हाथों से लिखित संदेश परीक्षण उड़ान में शामिल विशेष पेलोडों में से एक होगा।
- कंपनी ने बताया कि मिशन में स्काईरूट टीम के सदस्यों, निवेशकों, नीति-निर्माताओं और दुनिया भर के शुभचिंतकों के हस्तलिखित संदेश भी शामिल किए गए हैं।
- कंपनी ने इसे कई हाथों से मनाया गया और लाखों लोगों की ओर से साझा किया गया एक उत्सव बताते हुए कहा कि ये स्मृति-चिह्न भारत के उभरते प्राइवेट स्पेस इकोसिस्टम के प्रति सामूहिक समर्थन और आकांक्षाओं का प्रतीक हैं।
- कंपनी के अनुसार, ये प्रतीकात्मक पेलोड उस साझा दृष्टि और सहयोगात्मक प्रयासों को भी दर्शाते हैं, जिन्होंने अंतरिक्ष अन्वेषण और नवाचार के क्षेत्र में भारत के नए दौर को आकार देने में योगदान दिया है।
पीएम मोदी ने स्काईरूट एयरोस्पेस को दी शुभकामनाएं
स्काईरूट एयरोस्पेस ने कहा कि विक्रम-1 का सफल प्रक्षेपण भारत की निजी अंतरिक्ष कंपनियों की तकनीकी क्षमता को वैश्विक स्तर पर प्रदर्शित करेगा और वाणिज्यिक उपग्रह प्रक्षेपण बाजार में नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त करेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया कि भारत की अंतरिक्ष यात्रा के लिए एक नया ऐतिहासिक अध्याय। उन्होंने देशवासियों, खासकर युवाओं से आग्रह किया कि इस ऐतिहासिक मिशन को देखें और ‘इंडिया विद विक्रम-1’ का उपयोग करते हुए टीम स्काईरूट को अपनी शुभकामनाएं दें।
