मेडल लाओ नौकरी पाओ योजना से खिलाड़ियों में उत्साह, National Hindi News


पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता। बिहार सरकार की मैडल लाओ नौकरी पाओ योजना और खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी देने की पहल का खेल जगत में स्वागत किया जा रहा है। बिहार क्रिकेट अंडर-14 एवं अंडर-16 चयन समिति के पूर्व सदस्य, ईस्ट जोन के पूर्व चेयरमैन तथा क्रिकेट प्रशिक्षक हरिओम झा ने इसे खिलाड़ियों के भविष्य को संवारने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा यह घोषणा कि भविष्य में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में बिहार की अपनी टीम होगी, राज्य के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों के लिए उत्साहजनक है। इससे बिहार के प्रतिभाशाली क्रिकेटरों को अपने राज्य का प्रतिनिधित्व करने का बेहतर अवसर मिलेगा।

हरिओम झा ने कहा कि खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र और खेल छात्रवृत्ति उपलब्ध कराने की पहल से खिलाड़ियों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और युवाओं का खेलों के प्रति रुझान बढ़ेगा। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर आकाश दीप, मुकेश कुमार, एथलीट पीयूष राज सहित 19 खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र मिलने पर सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बिहार सरकार से मांग की कि प्रत्येक प्रमंडल मुख्यालय में अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम बनाया जाए। साथ ही जिला, अनुमंडल और प्रखंड स्तर पर उपलब्ध खेल मैदानों का आधुनिकीकरण कर उन्हें विभिन्न आउटडोर और इंडोर खेलों के अनुरूप विकसित किया जाए, ताकि राज्य में खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। हरिओम झा ने कहा कि बिहार में लगभग 25 खेलों का आयोजन होता है और राज्य के सभी 38 जिलों में कम से कम एक खेल के लिए विशेष खेल केंद्र विकसित करने की आवश्यकता है। उन्होंने पूर्णिया में इंदिरा गांधी स्टेडियम, नेताजी सुभाष चंद्र बोस जिला क्रीड़ा मैदान (डीएसए ग्राउंड), जिला स्कूल स्टेडियम, पूर्णिया कॉलेज, गुलाबबाग मेला ग्राउंड, पुलिस लाइन परेड ग्राउंड, खुश्कीबाग कृषि अनुसंधान केंद्र, रानीपतरा खेल मैदान तथा अन्य विद्यालयों के खेल मैदानों को विकसित करने की भी मांग की।



Leave a Comment