प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में स्टीव वॉ की जमकर तारीफ करते हुए क्रिकेट को भारत-ऑस्ट्रेलिया रिश्तों की मजबूत कड़ी बताया।

MCG में पीएम मोदी
ऑस्ट्रेलिया दौरे के आखिरी दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) का दौरा किया। उनके साथ ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज, पूर्व कप्तान स्टीव वॉ और पूर्व क्रिकेटर लिसा स्थालेकर भी मौजूद रहे। इस दौरान पीएम मोदी ने क्रिकेट को दोनों देशों के रिश्तों की मजबूत कड़ी बताया। साथ ही भारत में पहली बार बिग बैश लीग (BBL) का मैच कराने का ऐतिहासिक ऐलान भी हुआ।
पीएम मोदी ने की स्टीव वॉ की तारीफ
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने ऑस्ट्रेलिया के महान कप्तान स्टीव वॉ और पूर्व क्रिकेटर लिसा स्थालेकर की जमकर तारीफ की। पीएम की प्रशंसा सुनकर स्टीव वॉ मुस्कुराते नजर आए और वहां मौजूद लोगों ने तालियों से अभिवादन किया।
खेलो इंडिया का उल्लेख किया
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में भारत में खेलों का बढ़ावा देने के लिए चलाए जा रहे। खेलो इंडिया और फिट इंडिया का भी उल्लेख किया। पीएम ने कहा कि मौजूदा समय में भारतीय खिलाड़ी हर बड़े मंच पर देश का गौरव बढ़ा रहे हैं।
भारत में खेला जाएगा BBL का मुकाबला
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बताया कि 12 दिसंबर 2026 को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में मेलबर्न रेनेगेड्स और पर्थ स्कॉर्चर्स आमने-सामने होंगे। इस ऐतिहासिक मुकाबले में मेलबर्न रेनेगेड्स को घरेलू टीम का दर्जा मिलेगा। भारत में बीबीएल का पहला मैच आयोजित होने से भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों में भी जबरदस्त उत्साह है।
नया मोड़ लेंगे भारत-ऑस्ट्रेलिया के खेल रिश्ते
मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित स्टेडियमों में शामिल है और भारत के लिए भी कई यादगार जीतों का गवाह रहा है। ऐसे ऐतिहासिक मैदान पर पीएम मोदी का दौरा और भारत में बीबीएल मैच की घोषणा दोनों देशों के मजबूत क्रिकेट संबंधों का प्रतीक मानी जा रही है। यह फैसला भारत-ऑस्ट्रेलिया की खेल साझेदारी को नई दिशा देने वाला साबित हो सकता है।
