यही मैं भारत के साथ कर रहा हूं…अमेरिका से तनातनी के बीच अब क्या बोले बेंजामिन नेतन्याहू, International Hindi News


अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कई बार सार्वजनिक रूप से नेतन्याहू के लिए अड़ियल जैसे शब्दों का प्रयोग कर चुके हैं। वहीं इजरायल ने ईरान के साथ हुए समझौते पर खुलकर नाराजगी जताई थी। अब भारत को लेकर क्या बोले नेतन्याहू?

अमेरिका के साथ बढ़ते तनाव के बीच इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने एक अहम बयान दिया है। नेतन्याहू ने कहा है कि उनका देश अब अमेरिका के अलावा दुनिया की अन्य महाशक्तियों के साथ नए रणनीतिक गठबंधन बनाने की कोशिश कर रहा है और इसके लिए उन्होंने भारत का उदाहरण दिया है। बता दें कि बीते दिनों अमेरिका और ईरान के बीच हुए शांति समझौते को लेकर अमेरिका और इजरायल के बीच तल्खी पैदा हो गई थी। अब नेतन्याहू ने इस मामले पर अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को भी जवाब दिया है।

फर्स्टपोस्ट की एक रिपोर्ट के मुताबिक इजरायली प्रधानमंत्री ने यह बातें एक हालिया इंटरव्यू में कही हैं। इजरायल के एक दक्षिणपंथी पत्रकार शेरोन गैल के साथ बातचीत करते हुए प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने भारत का जिक्र किया। इजरायली पीएम ने कहा, “आपको नए गठबंधन बनाने होंगे और नए रिश्ते बनाने होंगे। यही काम मैं इस समय भारत के साथ कर रहा हूं।”

नेतन्याहू ने इस दौरान अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के तंज का भी जवाब दिया। दरअसल बीते दिनों इजरायल द्वारा अमेरिका-ईरान शांति समझौते की आलोचना किए जाने पर वेंस ने इजरायल पर तीखा तंज कसा था। वेंस ने इजरायल को नसीहत देते हुए कहा था कि इजरायली सरकार को दुनिया में अपने इकलौते बचे शक्तिशाली सहयोगी (अमेरिका) के खिलाफ नहीं बोलना चाहिए। वेंस के इस बयान पर पलटवार करते हुए नेतन्याहू ने कहा, “हमारे पास कुछ अन्य दोस्त भी हैं, जैसे कि एक छोटा सा देश है जिसे ‘भारत’ कहते हैं। इसके पास 1.4 अरब लोग हैं, और भाई! वहां हमें जबरदस्त समर्थन हासिल है।”

क्यों आई इजरायल-अमेरिका के रिश्तों में खटास?

बीते फरवरी महीने में ईरान और अमेरिका के बीच छिड़ी जंग दरअसल इजरायल की भी जंग थी। इजरायल अमेरिका के साथ मिलकर ईरान को घुटने टेकने पर मजबूर करना चाहता था। लेकिन 4 महीने की तबाही के बाद भी जब ईरान में ना तो सत्ता परिवर्तन हुआ, ना ही ईरान ने हार मानी, तब अमेरिका का धैर्य जवाब दे गया। अमेरिका ने ईरान संग समझौता कर जंग रोकने का फैसला कर लिया। यह बात इजरायल को पूरी तरह नागवार गुजरी। इजरायल ईरान को पूरी तरह तबाह किए बिना रुकना नहीं चाहता था। लेकिन अमेरिका के शांति समझौते से ईरान को एक बार फिर संभलने का मौका मिल गया। ऐसे में इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और उनके कई साथियों ने खुलकर इस समझौते की निंदा की। फिर क्या था। ट्रंप का भी पारा चढ़ा और खुलेआम नेतन्याहू को अड़ियल तक कहने लगे।

ट्रंप और नेतन्याहू के बीच गाली-गलौज?

डोनाल्ड ट्रंप और बेंजामिन नेतन्याहू के निजी रिश्तों में भी दरार आई है। हाल ही में एक किताब में इसका खुलासा हुआ है। मैगी हैबरमैन और जोनाथन स्वान की नई किताब ‘रिजीम चेंज: इनसाइड द इम्पीरियल प्रेसीडेंसी ऑफ डोनाल्ड ट्रंप’ में दोनों नेताओं की एक फोन कॉल का सनसनीखेज खुलासा किया गया है। इसके मुताबिक जब इजरायल और हमास के बीच शांति समझौते पर चर्चा हो रही थी, तो राष्ट्रपति ट्रंप ने फोन पर नेतन्याहू के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया था। ट्रंप ने बेहद गुस्से में नेतन्याहू से कहा था, “मैंने तुम्हारे लिए सब कुछ किया है। बेहतर होगा कि तुम इस समझौते के साथ आगे बढ़ो। यह बहुत लंबे समय से चल रहा है। बीबी, हर कोई तुमसे तंग आ चुका है।,”



Leave a Comment