राज्य ब्यूरो, लखनऊ। देश के विकास में युवाओं की सबसे बड़ी भूमिका है। इसलिए उन्हें केवल नौकरी की तैयारी तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण में भी आगे आना होगा। केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा निखिल खडसे ने ‘विकसित युवा बनाएगा विकसित भारत’ चिंतन शिविर में कहा कि युवा अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे युवाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के साथ उन्हें देश के विकास का सक्रिय भागीदार भी बनाएं।
राजधानी के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित दो दिवसीय शिविर के समापन पर खडसे ने कहा कि जमीनी स्तर पर काम करने वाले अधिकारी स्थानीय समस्याओं को बेहतर समझते हैं और उनके सुझावों से ही प्रभावी नीतियां तैयार होती हैं। युवा कार्यक्रम विभाग के संयुक्त सचिव शिव रतन ने कहा कि माय भारत से विभिन्न मंत्रालयों का जुड़ना इसकी बढ़ती उपयोगिता का प्रमाण है।
उन्होंने राज्यों, शैक्षणिक संस्थानों और स्थानीय संगठनों के साथ बेहतर तालमेल बनाकर युवाओं तक योजनाओं की पहुंच बढ़ाने पर जोर दिया। माय भारत की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. प्रियंका शुक्ला ने कहा कि युवाओं को स्वयंसेवा, नेतृत्व और सामुदायिक गतिविधियों से जोड़ने के लिए नए प्रयोग करने होंगे। साथ ही राज्यों की अच्छी पहल को पूरे देश में साझा किया जाना चाहिए।
प्रधानमंत्री इंटर्नशिप स्कीम और फिट इंडिया पर तकनीकी सत्र में विभिन्न कार्य समूहों ने नशा मुक्त भारत, फिट इंडिया, जेंडर संवेदनशीलता, युवा नेतृत्व, स्वयंसेवा, सामुदायिक भागीदारी, ईएलपी व माय भारत और एनएसएस को मजबूत बनाने के लिए सुझाव और कार्ययोजनाएं प्रस्तुत कीं।
समारोह में उत्तर प्रदेश को माय भारत में सबसे अधिक पंजीकरण कराने वाले राज्य के रूप में सम्मानित किया गया। वहीं दादरा, नगर हवेली, दमन व दीव को अपनी युवा आबादी के अनुपात में सर्वाधिक पंजीकरण के लिए पुरस्कार मिला। शिविर में सामने आए सुझावों को विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना गया।