यूपी:सरकारी नौकरी पाने का बन रहा है अवसर, पीईटी 2026 के लिए तैयारियां हुईं शुरू; अगस्त में आएगा विज्ञापन – Up: Opportunities Are Emerging For Government Jobs, Preparations Begin For Pet 2026; Advertisement To Be Relea


प्रदेश में समूह ग की भर्तियों के लिए अनिवार्य प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) 2026 के आयोजन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से इस परीक्षा के लिए विज्ञापन अगस्त में जारी करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इससे पहले आयोग का लक्ष्य है कि ज्यादा से ज्यादा युवाओं के वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) करा लिए जाएं।

प्रदेश के विभिन्न विभागों की ओर से समय-समय पर अपने यहां समूह ग की भर्तियों के लिए अधियाचन यूपीएसएसएससी को भेजा जाता है। आयोग आवश्यक औपचारिकता पूरी कर उसकी भर्ती प्रक्रिया पूरी करता है। इन भर्तियों में आवेदन करने के लिए पीईटी होना अनिवार्य है। यही वजह है कि आयोग की ओर से हर साल पीईटी का आयोजन किया जाता है।

2025 में पीईटी के लिए 25.32 लाख युवाओं ने रजिस्ट्रेशन कराया था। साथ ही 19.42 लाख परीक्षा में भी शामिल हुए थे। आयोग की ओर से हाल ही में शुरू की गई ओटीआर व्यवस्था में यह स्पष्ट किया गया है कि आगे होने वाली पीईटी व अन्य भर्ती परीक्षाओं के लिए ओटीआर अनिवार्य है। यही वजह है कि मात्र पांच दिन में ही ओटीआर में 67225 युवाओं ने रजिस्ट्रेशन करा लिया है।

यूपीएसएसएससी का यह प्रयास है कि वो ज्यादा से ज्यादा युवाओं के ओटीआर में रजिस्ट्रेशन करा ले। इसके बाद अगले महीने पीईटी का विज्ञापन जारी कर परीक्षा का समय से आयोजन किया जाए। आयोग की ओर से 2025 में पीईटी का आयोजन छह-सात सितंबर को किया गया था। वहीं शासन ने इसकी वैधता को भी एक से बढ़ाकर तीन साल कर दिया है। फिर भी आयोग का प्रयास है कि नए युवाओं को मौका दिया जाए। इसके तहत इस साल भी पीईटी का आयोजन किया जाएगा।



Leave a Comment