रवि राज ने सरकारी नौकरी छोड़ी, रामायण चौपाई गाकर मचाया तहलका; यूट्यूब पर 250 मिलियन व्यूज, Bihar Hindi News


सीवान के रहने वाले रवि राज ने सरकारी नौकरी छोड़कर संगीत की दुनिया में कदम रखा। अब तक वह दो हजार से अधिक भजन गाकर मशहूर हुए रवि की गाई हुई रामायण चौपाई को अब तक यूट्यूब पर 250 मिलियन से अधिक व्यूज मिल चुके हैं।

अनीश पुरुषार्थी, सीवान। जिले के रहने वाले रवि राज ने सरकारी नौकरी छोड़ संगीत की दुनिया में कदम रखा। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। अब उन्होंने रामायण चौपाई गाकर डिजिटल प्लेटफॉर्म पर तहलका मचा दिया है। उनकी गाई हुई रामायण चौपाई को यूट्यूब पर 250 मिलियन यानी 25 करोड़ से अधिक व्यूज मिल चुके हैं। रवि महाराजगंज प्रखंड के बजरहियां गांव के रहने वाले कृष्ण चौबे के बेटे हैं।

उन्होंने अब तक दो हजार से अधिक भजन गाकर देश में भजन सम्राट के नाम से ख्याति हासिल कर ली है। भक्ति संगीत के आकाश में एक नया सितारा बनकर चमक रहे भजन सम्राट रवि राज ने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपनी मखमली आवाज से लोकप्रियता का नया कीर्तिमान भी स्थापित कर लिया है।

रवि राज ने मैक्स स्टूडियो के मंच पर साउंड इंजीनियर कैलाश डंडरियाल के तकनीकी मार्गदर्शन में ढली चौपाई के आंकड़े इस बात का गवाह है कि देश की सीमा लांघकर दुनिया के 132 से भी अधिक देशों में लोगों को राम और रामायण से जोड़ रही है।

रवि राज की गाई हुई रामायण चौपाई को यूट्यूब पर अब तक करोड़ों लोग सुन और देख चुके हैं। देश के कोने-कोने में रवि राज के गाए हुए राम भजन, कृष्ण भजन और लेनाथ के भजन लोगों को आनंदित कर रहे हैं।

क्लर्क की नौकरी छोड़कर भजन गाना शुरू किया

जानकारी के अनुसार, रवि राज पशुपालन विभाग में क्लर्क के रूप में कार्यरत थे। हालांकि, उनकी रुचि शुरू से भजन गायन में ही रही। साल 2015 में उन्होंने सरकारी नौकरी छोड़ दी। फिर संगीत के क्षेत्र को ही अपनी कर्मभूमि बना लिया।

रवि ने सीवान में ही सीखा संगीत, दो हजार से अधिक भजन गा चुके

अपनी सुरमयी यात्रा में 2000 से अधिक भजनों को स्वर दे चुके रवि राज ने गौर घराने के करुणाकांत मिश्र एवं सरस्वती संगीत महाविद्यालय सीवान से संगीत की शुरुआती शिक्षा प्राप्त की।

‘राम को नहीं, राम की मानें’

उनका मानना है कि राम को मानने से अच्छा है, राम की मानें। वर्तमान में वेव म्यूजिक कंपनी के माध्यम से प्रस्तुत की गई उनकी सुप्रसिद्ध रामायण चौपाई ने यूट्यूब की दुनिया में व्यूज का नया रिकॉर्ड कायम किया है। रामायण चौपाई के उनके तीन वीडियो पर कुल 250 मिलियन से अधिक व्यूज आ चुके हैं। संगीत विशेषज्ञों के अनुसार, रवि राज की यह उपलब्धि धार्मिक संगीत के इतिहास में मील का पत्थर साबित होगी।



Leave a Comment