रांची के खेलगांव में दिखेगा स्कूली खेलों का दम, सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता से होगी शुरुआत


Subroto Mukherjee Football Tournament to be held in Ranchi

झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद (रांची) (ETV Bharat)

रांचीः झारखंड में स्कूली खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राज्य स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन शुरू होने जा रहा है. झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची ने सत्र 2026-27 के विद्यालयी खेल कैलेंडर के तहत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं की तिथियों की घोषणा कर दी है.

इसकी शुरुआत 65वीं राज्य स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता से होगी. इसका आयोजन 17 से 21 जुलाई तक रांची के खेलगांव स्थित बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम में किया जाएगा.

इस प्रतियोगिता में राज्य के सभी प्रमंडलों की विजेता जिला टीमें हिस्सा लेंगी. आयोजन को लेकर झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद ने सभी संबंधित जिलों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं. सभी विजेता टीमों को 16 जुलाई को दोपहर 3 बजे तक खेलगांव स्थित बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम के रजिस्ट्रेशन हॉल में रिपोर्ट करना होगा. यहां खिलाड़ियों का पंजीकरण, दस्तावेजों का सत्यापन और अन्य जरूरी प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी.

इस प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमों को राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा. इसके बाद राज्य में अन्य प्रमुख खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा. द्वितीय राज्य स्तरीय लिटिल चैंप्स फुटबॉल प्रतियोगिता 23 से 25 जुलाई तक आयोजित होगी, जबकि राज्य स्तरीय जवाहरलाल नेहरू हॉकी प्रतियोगिता 29 से 31 जुलाई तक खेली जाएगी.

झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के परियोजना संचालक धीरेन सेन सोरेंग ने कहा कि राज्य में खेल प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें बेहतर मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विद्यालय स्तर से ही खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा और राष्ट्रीय स्तर के लिए बेहतर खिलाड़ी तैयार होंगे. उन्होंने सभी जिलों के अधिकारियों को खिलाड़ियों की सुरक्षित और समयबद्ध भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है.

परियोजना संचालक धीरेन सेन सोरेंग ने कहा कि विद्यालयी खेल प्रतियोगिताएं बच्चों की प्रतिभा को निखारने का महत्वपूर्ण मंच है. झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद का प्रयास है कि राज्य के प्रत्येक प्रतिभाशाली खिलाड़ी को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिले. सभी जिलों से अपेक्षा है कि वे खिलाड़ियों की सुरक्षित एवं समयबद्ध सहभागिता सुनिश्चित करें, ताकि प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन हो और उत्कृष्ट खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का गौरव बढ़ाएं.

परिषद ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों, जिला शिक्षा अधीक्षकों, जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को प्रतियोगिताओं की तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा है. खिलाड़ियों के आवासन, सुरक्षा, पंजीकरण और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं.

राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन से स्कूली खिलाड़ियों में उत्साह का माहौल है. खेलगांव एक बार फिर युवा प्रतिभाओं के प्रदर्शन का गवाह बनेगा. उम्मीद है कि इन प्रतियोगिताओं से झारखंड को आने वाले समय के लिए कई नए खेल सितारे मिलेंगे.

इसे भी पढे़ं- राष्ट्रीय स्कूली फुटबॉल में झारखंड का दबदबा! अंडर-17 में खिताब और अंडर-14 में उपविजेता बनकर रचा इतिहास

इसे भी पढे़ं- इंटरनेशनल ट्रायल का मंच बना रांची, झारखंड मेजबान को वॉलीबॉल में नहीं मिली जगह

इसे भी पढे़ं- डूरंड कप की तैयारी तेज, खेल सचिव ने की उच्चस्तरीय बैठक



Leave a Comment