Rajasthan Safai Karmchari Bharti 2026: राजस्थान में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है. राज्य सरकार ने प्रदेश के नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिकाओं में 24,752 सफाई कर्मचारियों की भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है. यह भर्ती कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर की जाएगी और खास बात यह है कि इसमें लिखित परीक्षा या इंटरव्यू नहीं होगा. चयन पूरी तरह ऑनलाइन लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा. आवेदन प्रक्रिया 15 अगस्त 2026 से शुरू होगी और अभ्यर्थी 28 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे.
आवेदन कैसे करें?
उम्मीदवार राजस्थान की SSO ID या स्वायत्त शासन निदेशालय की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे. आवेदन करते समय लाइव फोटो अपलोड करना अनिवार्य होगा. बोर्ड ने साफ कहा है कि एक अभ्यर्थी केवल एक ही नगरीय निकाय से आवेदन कर सकता है. अगर किसी ने एक से अधिक निकायों में आवेदन किया तो उसके सभी आवेदन रद्द कर दिए जाएंगे.
आयु सीमा और एलिजिबिलिटी
इस भर्ती के लिए अभ्यर्थी की आयु 1 जनवरी 2027 को 21 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए. महिला उम्मीदवारों तथा SC, ST, OBC, MBC और EWS वर्ग को नियमानुसार 5 से 10 वर्ष तक की छूट मिलेगी. सबसे बड़ी राहत यह है कि भर्ती के लिए कोई न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता निर्धारित नहीं की गई है. यानी पढ़े-लिखे के साथ अनपढ़ अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं. हालांकि, आवेदक का राजस्थान का मूल निवासी होना जरूरी है.
अनुभव है जरूरी, तभी मिलेगा मौका
उम्मीदवार के पास किसी नगरीय निकाय, सरकारी उपक्रम या अधिकृत संस्था में कम से कम एक साल सफाई कार्य का एक्सपीरियंस होना चाहिए. एक्सपीरियंस सर्टिफिकेट सक्षम अधिकारी से वेरिफाई होना चाहिए और यह 1 अगस्त 2026 के बाद जारी किया गया हो.
सबसे ज्यादा पद कहां?
सबसे अधिक पद जयपुर (4,811) में हैं. इसके बाद कोटा (1,357), बीकानेर (1,084), जोधपुर (890), सीकर (480) और भरतपुर (450) में भर्ती होगी. इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 24,752 पदों पर भर्ती होगी.
सेलेक्शन प्रोसेस और सैलरी
सेलेक्शन से पहले डॉक्यूमेंट्स की जांच की जाएगी और फिर DoIT&C के सॉफ्टवेयर से ऑनलाइन लॉटरी निकाली जाएगी. उसी निकाय के अनुभवी स्थानीय उम्मीदवारों को प्राथमिकता मिलेगी.
वहीं, सामान्य वर्ग के लिए आवेदन शुल्क 600 रुपये और आरक्षित वर्ग तथा दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 400 रुपये रखा गया है. इसके अलावा, चयनित उम्मीदवारों को कॉन्ट्रेक्ट अवधि में 7,410 रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलेगा. सरकार ने कहा है कि 5 वर्ष की संतोषजनक सेवा के बाद कर्मचारियों को रेगुलर करने पर विचार किया जाएगा.
आरक्षण की व्यवस्था
भर्ती में महिलाओं के लिए 30% क्षैतिज आरक्षण, दिव्यांगों के लिए 4% और उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए 2% आरक्षण का प्रावधान किया गया है. इसके अलावा SC, ST, OBC, MBC और EWS कैटेगरी को नियमानुसार आरक्षण का लाभ मिलेगा.