ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने ‘फौजी’ के सेट पर हुई इस घटना की तुरंत, पारदर्शी और हाई-लेवल जांच की मांग की है। न्यूज एजेंसी ‘IANS’ की रिपोर्ट के मुताबिक, एसोसिएशन ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी से भी दखल देने की मांग की है, ताकि उन हालात की विस्तृत जांच हो सके जिनकी वजह से एक्टर की तबीयत बिगड़ी।
यदि शूटिंग के दौरान ही एक्टर राजेश शर्मा की हालत गंभीर हो गई थी, तो उन्हें हैदराबाद के किसी बड़े अस्पताल में क्यों नहीं ले जाया गया?
ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन
AICWA ने पूछा- एक्टर को हैदराबाद के अस्पताल क्यों नहीं ले जाया गया?
AICWA ने सवाल उठाया है कि क्या फिल्म के सेट पर सही इमरजेंसी मेडिकल सुविधाएं मौजूद थीं और यदि शूटिंग के दौरान एक्टर की हालत गंभीर हो गई थी, तो उन्हें हैदराबाद के किसी बड़े अस्पताल में क्यों नहीं ले जाया गया। एसोसिएशन यह भी चाहती है कि अधिकारी जांच करें कि क्या प्रोडक्शन टीम ने जरूरी सुरक्षा, साफ-सफाई और मेडिकल प्रोटोकॉल का पालन किया था या नहीं। AICWA ने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री की कानूनी और नैतिक जिम्मेदारी है कि वह कलाकारों, टेक्नीशियनों और क्रू सदस्यों को काम करने के लिए सुरक्षित माहौल दे।
यदि कोई लापरवाही साबित होती है, तो इस ओर जवाबदेही तय होनी चाहिए। फौजी के प्रोड्यूसर्स राजेश शर्मा के इलाज का पूरा खर्च उठाएं और यह पक्का करें कि उन्हें पूरी तरह ठीक होने तक सबसे अच्छा मेडिकल इलाज मिले।
ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन
‘राजेश शर्मा के इलाज का खर्च उठाए फौजी के मेकर्स’
एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि कई शूटिंग लोकेशन पर साफ-सफाई, स्वच्छता और इमरजेंसी हेल्थकेयर से जुड़ी चिंताएं बार-बार उठाई गई हैं। उसने यह भी दावा किया कि कई वर्कर नौकरी खोने के डर से ऐसे मुद्दों पर खुलकर बात करने से हिचकिचाते हैं। यदि कोई लापरवाही साबित होती है, तो इस ओर जवाबदेही तय होनी चाहिए। एसोसिएशन ने ‘फौजी’ के प्रोड्यूसर्स से कहा है कि वे राजेश शर्मा के इलाज का पूरा खर्च उठाएं और यह पक्का करें कि उन्हें पूरी तरह ठीक होने तक सबसे अच्छा मेडिकल इलाज मिले।
राजेश शर्मा हेल्थ अपडेट
लुधियाना में पैदा हुए 55 साल के राजेश शर्मा कीड़े के काटने के बाद से डॉक्टरों की निगरानी में हैं। बताया गया है कि यह इन्फेक्शन घुटने तक फैल गया है। एक्टर सुदीपा चटर्जी ने एक्टर के परिवार की ओर से सोशल मीडिया पर उनके सेहत की जानकारी दी। बताया कि तबीयत बिगड़ने के बाद राजेश शर्मा को पश्चिम बंगाल के ढाकुरिया के मणिपाल अस्पताल अस्पताल में भर्ती किया गया है। उन्हें अभी भी तेज बुखार है, सांस लेने में तकलीफ हो रही है और उनके दाहिने पैर में इन्फेक्शन बढ़कर घुटनों तक पहुंच गया है।
डॉक्टर ने राजेश शर्मा के इन्फेक्शन पर क्या कहा
अस्पताल की ओर से डॉ. अविजित भट्टाचार्य के मुताबिक, ‘अभी किसी पक्के नतीजे पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। राजेश शर्मा डॉक्टर्स की टीम की देखरेख में हैं। हालांकि, उनकी सेहत खतरे से बाहर नहीं है। असल चिंता यह है कि इन्फेक्शन के कारण खून का थक्का बन सकता है। यदि यह फेफड़ों तक पहुंचता है तो जानलेवा भी हो सकता है।
एक्टर राजेश शर्मा को क्या हुआ है?
सुदीपा चटर्जी के मुतातबिक, ‘फौजी’ की शूटिंग के दौरान रामोजी फिल्म सिटी में एक्टर राजेश शर्मा को किसी कीड़े या जहरीले मकड़ी ने काट लिया। शूटिंग खत्म होने के बाद राजेश घनी झाड़ियों वाले इलाके में लोकल टेक्नीशियनों से बात कर रहे थे, तभी उन्हें किसी कीड़े के काटने का एहसास हुआ। तब उन्हें यह गंभीर बात नहीं लगी, लेकिन छह घंटे बाद उनके दाहिने पैर में तेज दर्द होने लगा। तबीयत बिगड़ने लगी। उन्हें तेज बुखार आ गया और बेचैनी की शिकायत भी की।
कौन हैं राजेश शर्मा?
राजेश शर्मा हिंदी, बंगाली और साउथ सिनेमा के मशहूर एक्टर है। लुधियाना में पैदा हुए राजेश ने 1996 में फिल्म ‘माचिस’ से बॉलीवुड डेब्यू किया। इसके बाद, 2000 के दशक की शुरुआत से उन्होंने बंगाली फिल्मों में काम करना शुरू किया। साल 2005 में ‘परिणीता’ फिल्म से उन्हें पॉपुलैरिटी मिली। नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा से ग्रेजुएट राजेश शर्मा अपने अब तक के करियर में ‘खोसला का घोसला’, ‘पीकू’, ‘स्पेशल 26’, ‘एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’, ‘मर्दानी 2’ ‘भूत बंगला’ और ‘कृष्णावतारम् पार्ट 1’ जैसी दमदार फिल्मों में नजर आ चुके हैं।
