अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र में सराफा व्यापारी की बलि (ETV Bharat)
रायसेन: गैरतगंज थाना क्षेत्र में धन-दौलत और जमीन में दबे खजाने को पाने के लालच में हैवानियत की हदें पार कर दी गईं. यहां अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र के चक्कर में आकर आरोपियों ने एक व्यापारी की निर्मम हत्या कर दी और साक्ष्य छुपाने के लिए शव को नाले में दफन कर दिया. हाल ही में इस दिल दहला देने वाली वारदात का खुलासा हुआ है.
नाले में नजर आया पैर, फिर हुआ बड़ा खुलासा
मामले की शुरुआत 9 जुलाई 2026 को हुई, जब विजय जैन नामक सराफा व्यापारी अपने घर से लापता हो गए. परिजन द्वारा गैरतगंज थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही थी. मामले में एक सनसनीखेज मोड़ तब आया जब सोमवार शाम सूचना मिली की परासिया के पास नाले में एक शव का पैर नजर आ रहा है.
पुलिस ने 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार (ETV Bharat)
विजय जैन के रूप में हुई शिनाख्त
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर नाले की खुदाई की. खुदाई के समय एक शव बरामद हुआ, जिसकी शिनाख्त लापता विजय जैन के रूप में की गई. शरीर पर कपड़े, एक नकली आंख और चप्पलों से विजय जैन की पहचान हुई. पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि जमीन में गड़े हुए धन के लालच में तांत्रिक क्रियाओं के नाम पर विजय जैन की बलि की गई थी.
अंधविश्वास में बलि देने के आरोप
आरोपियों का मानना था कि जमीन में धन दबा हुआ है और उसे निकालने के लिए ‘दफीना बलि’ की आवश्यकता है. इस हत्याकांड में पुलिस ने तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान प्रहलाद साहू, उसका बेटा टीकम साहू और करीम शेख के रूप में हुई है.
नाले में गड्ढा खोदकर दफनाया था
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 7 जुलाई को आरोपी कथित खजाने वाली जगह परासिया के पास एक चबूतरे पर पहुंचे थे. तंत्र क्रिया करने के दौरान जब बली की बारी आई तो आरोपियों ने खुद कोबचा लिया और सराफा व्यपारी विजय जैन की बलि देने की योजना बनाई. मौका पाकर विजय जैन की हत्या कर दी. घटना को अंजाम देने के बाद शव को घटनास्थल से करीब 300 मीटर दूर ले जाकर गड्ढा खोदकर छुपा दिया था.
2013 में मृतक के घर हुई थी डकैती
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी आशुतोष गुप्ता के निर्देशन में तुरंत विशेष टीम गठित की गई. पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और फावड़े जैसे हथियार बरामद कर लिए हैं. मृतक के पास से उनका फोन और अंगूठी भी मिली है. 2013 में मृतक के परिवार के यहां भी बड़ी डकैती की घटना हुई थी, जिसके तार इस पूरे घटनाक्रम से जुड़ने की संभावना जताई जा रही है. मामले में पुलिस द्वारा आगे की गहन जांच जारी है.
एएसपी दीपक नायक ने कहा, ” पुलिस को एक शव मिलने की सूचना मिली थी, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. हत्या के आरोप में 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. मृतक की पहचान सराफा व्यापारी विजय जैन के रूप में हुई है. खजाना गढ़े होने के अंधविश्वास में मृतक की बलि दी गई है.”