राहुल की मौत के बाद बड़ा खेल! रातों-रात गायब किए गए CCTV कैमरे, बिना लाइसेंस के चल रहा था स्विमिंग पूल?


मुकेश ठाकुर, पश्चिमी दिल्ली। नजफगढ़ के भोली राम पब्लिक स्कूल के स्विमिंग पूल में 26 वर्षीय राहुल राय की डूबने से हुई मौत के बाद मामले में कई सवाल खड़े हो गए हैं। घटना के 24 घंटे बाद भी जांच कर रही पुलिस यह स्पष्ट नहीं कर सकी है कि स्विमिंग पूल का संचालन करने वाली एजेंसी के पास आवश्यक लाइसेंस और वैधानिक अनुमति थी या नहीं।

वहीं, स्वजन ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद रातोंरात स्विमिंग पूल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे हटा दिए गए। बृहस्पतिवार सुबह जब स्थानीय लोगों ने फुटेज की मांग की तो स्कूल प्रबंधन और एजेंसी के प्रतिनिधियों ने कैमरे लगे होने से ही इन्कार कर दिया। बाद में स्टोर रूम से डीवीआर और उससे जुड़े उपकरण मिलने के बाद पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया।

गुरुवार सुबह राहुल की मौत की सूचना फैलते ही सैकड़ों स्थानीय लोग और स्वजन स्कूल परिसर पहुंच गए। लोगों ने स्कूल प्रबंधन और स्विमिंग पूल का संचालन करने वाली एजेंसी के प्रतिनिधियों से सीसीटीवी फुटेज दिखाने की मांग की।

स्विमिंग पूल के आसपास कोई सीसीटीवी कैमरा लगा ही नहीं

आरोप है कि एजेंसी के प्रतिनिधियों ने कहा कि स्विमिंग पूल के आसपास कोई सीसीटीवी कैमरा लगा ही नहीं था। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने भी पहले तो आए हुए लोगों से एजेंसी के प्रतिनिधि की हां में हां मिलाते हुए यही बात कही, जिसके बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और दर्जनों लोग परिसर के भीतर पहुंच गए।

सीसीटीवी का डीवीआर, तार और अन्य उपकरण रखे मिले

स्थानीय लोगों का दावा है कि स्विमिंग पूल के आसपास निरीक्षण के दौरान कैमरे लगाने के स्थान पर उनके बेस और निशान दिखाई दिए, लेकिन कैमरे गायब थे। इसके बाद लोगों ने परिसर में तलाश शुरू की। तलाश के दौरान स्कूल के एक स्टोर रूम में प्लास्टिक बैग और कार्टन के भीतर सीसीटीवी का डीवीआर, तार और अन्य उपकरण रखे मिले।

लोगों ने डीवीआर पुलिस के हवाले कर दिया। अब पुलिस का कहना है कि डीवीआर की तकनीकी जांच कराई जाएगी ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसमें घटना से संबंधित कोई रिकार्डिंग मौजूद है या नहीं।

राहुल के रिश्तेदार कृष्ण का कहना है कि राहुल नियमित रूप से तैराकी करता था और अच्छा तैराक था। उनके अनुसार जिस प्रकार उसकी मौत हुई, वह सामान्य हादसा नहीं लगता। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

2 नवंबर को होनी थी शादी

राहुल राय अपने परिवार का इकलौता बेटा थे। परिवार में पिता मनक राय, बड़ी बहन पूजा और प्रीति हैं। पूजा की शादी हो चुकी है। पिछले महीने ही राहुल की सगाई हुई थी और दो नवंबर को उसकी शादी तय थी। घर में शादी की तैयारियां शुरू हो चुकी थीं, लेकिन एक हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं।

राहुल की बड़ी बहन पूजा ने बताया कि नौकरी मिलने के बाद राहुल ने परिवार की जिम्मेदारियां अपने कंधों पर उठा ली थीं। वह सभी का ख्याल रखता था और शादी को लेकर बेहद उत्साहित था। अब जिस घर में शहनाई बजने की तैयारी थी, वहां मातम पसरा हुआ है।



Leave a Comment