डिजिटल डेस्क, मॉस्को। रूस और यूक्रेन के बीच चल रहा तनाव एक बार फिर चरम पर पहुंच गया है। सोमवार को रूस ने एक वीडियो जारी किया, जिसमें तीन टन वजनी एक विशालकाय ग्लाइड बम यूक्रेन के जापोरिझिया क्षेत्र के ओरिखोव शहर में भारी तबाही मचाता हुआ दिख रहा है।
क्या है महाविनाशकारी FAB-3000 बम?
यूक्रेन पर दागे गए इस भारी-भरकम गाइडेड बम की पहचान FAB-3000 के रूप में हुई है। यह बम सोवियत काल का है, जिसे रूसी सेना ने आधुनिक युद्ध के हिसाब से अपग्रेड करके यूक्रेन में तैनात किया है।
अमेरिकी थिंक टैंक फाउंडेशन फॉर डिफेंस ऑफ डेमोक्रेसीज के अनुसार, इस बम में लगभग 1.4 टन विस्फोटक भरा जा सकता है। यह बम UMPK ग्लाइड किट की मदद से रूसी विमान से छूटने के बाद कई किलोमीटर का सफर तय कर अपने लक्ष्य को तबाह करने में सक्षम है।
युद्धक विमान Su-34 से हुआ हमला
इस भारी बम को रूस के आधुनिक लड़ाकू विमान सुखोई Su-34 के जरिए दागा गया। अत्यधिक वजन होने के कारण इसे विमान के निचले मध्य हिस्से में फिट किया गया था। भारी वजन की वजह से इसकी मारक क्षमता FAB-500 जैसे छोटे ग्लाइड बमों की तुलना में थोड़ी कम लगभग 50 से 60 किलोमीटर है।
खबरें और भी
हालांकि, खबरें हैं कि रूस अब इस UMPK ग्लाइड किट के एक नए और बेहतर संस्करण पर काम कर रहा है, जो इस बम को और अधिक दूरी तथा सटीकता से गिराने में मदद करेगा।
दूसरी ओर, युद्ध के मैदान में रूस का हमला लगातार जारी है। रूसी रक्षा मंत्रालय के दावों के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में उन्होंने यूक्रेन के करीब 850 ड्रोन और मिसाइलों को नष्ट कर दिया है।
यूक्रेन और यूरोपीय देशों का एयर-डिफेंस गठबंधन
इस भीषण युद्ध का फिलहाल कोई अंत नजर नहीं आ रहा है। रूसी मिसाइलों और बमों के बढ़ते खतरे से निपटने के लिए सोमवार को यूक्रेन और नौ अन्य यूरोपीय देशों ने मिलकर एक एयर-डिफेंस गठबंधन बनाने की घोषणा की।
यह गठबंधन संयुक्त रूप से एक बैलिस्टिक मिसाइल रक्षा प्रणाली विकसित करेगा। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, यह प्रस्तावित सिस्टम अमेरिका के महंगे पैट्रियट सिस्टम की तुलना में काफी सस्ता विकल्प होगा।
यूक्रेन ने भी रूस के खिलाफ अपने हमलों को तेज कर दिया है। यूक्रेनी सेना अब रूस के अंदरूनी हिस्सों में लंबी दूरी के ड्रोन और समुद्री हमले कर रही है, जिसके तहत ईंधन बुनियादी ढांचे, रसद नेटवर्क और क्रीमिया के आसपास के रूसी जहाजों को निशाना बनाया जा रहा है।
इन हमलों पर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कड़ी चेतावनी देते हुए भविष्य में और भी भयानक जवाबी कार्रवाई करने का संकल्प लिया है।
फ्रांस के राष्ट्रीय दिवस पर दिखा एकजुट यूरोप का दम
इस बीच, मंगलवार को फ्रांस ने अपना राष्ट्रीय दिवस मनाया, जिसमें यूरोप की एकजुटता और सैन्य ताकत का बड़ा प्रदर्शन देखने को मिला। इस परेड में जर्मनी, यूनाइटेड किंगडम (UK), क्रोएशिया, पोलैंड, डेनमार्क, ग्रीस, स्वीडन, नॉर्वे, स्पेन और इटली के सैनिकों और लड़ाकू विमानों ने हिस्सा लिया।
विशेष रूप से, इस परेड में कोएलिशन ऑफ द विलिंग के लगभग 500 सैनिक शामिल हुए। यह 34 देशों का एक संगठन है, जिसमें यूक्रेन भी शामिल है। जो यूक्रेन को सुरक्षा गारंटी और सैन्य सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध है।
समाचार एजेंसी एपी के अनुसार, पूर्वी मोर्चे पर बढ़ती चुनौतियों के बीच इस भव्य आयोजन का मकसद यूक्रेन के प्रति अटूट समर्थन दिखाना और यूरोपीय देशों की सैन्य ताकत का लोहा मनवाना था।
यह भी पढ़ें- मिसाइल अलर्ट के बाद कीव में गूंजे धमाके, रूस ने दागीं बैलिस्टिक मिसाइलें
यह भी पढ़ें- नहीं थम रहा रूस-यूक्रेन संघर्ष: एक बार फिर कीव ने रूसी तेल संयंत्रों पर फिर बरसाए बम, रिफायनरी में आग लगी