रोहित शर्मा की फॉर्म चिंता का विषय नहीं…, तीसरे ODI से पहले कोच का आया बड़ा बयान, मोर्ने मोर्कल बोले, Cricket Hindi News


भारत बनाम इंग्लैंड तीसरे वनडे मैच से पहले पत्रकारों से बात करते हुए गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने कहा है कि रोहित शर्मा की फॉर्म भारतीय टीम के लिए चिंता का विषय नहीं है। इस बयान से फैंस को सुकून मिला है। पूरा पढ़िए उन्होंने क्या- क्या कहा।

रविवार, 19 जुलाई को भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का आखिरी मैच लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर खेला जाएगा। इस मैच के लिए चारों तरफ जिस एक खिलाड़ी की चर्चा हो रही है उसका नाम रोहित शर्मा है। बीते दिनों से कई खबरें सामने आईं कि लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर रोहित शर्मा अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच खेल सकते हैं, क्योंकि चयनकर्ताओं ने उन्हें बता दिया है कि 2027 वनडे विश्व कप के प्लान का हिस्सा आप नहीं हैं। खबरों के मुताबिक, रोहित को बताया गया है कि चयन समिति यशस्वी जायसवाल को तैयार करना चाहती है, इसलिए अब उनका समय खत्म हो गया है। ये खबरें उसी दिन सामने आईं जब कार्डिफ में भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा वनडे मैच खेला जा रहा था, जिसमें रोहित को टाइमिंग की कमी महसूस हुई। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 47 गेंदों में सिर्फ 26 रन बनाए और जोफ्रा आर्चर और गस एटकिंसन के सामने पूरी तरह से बेबस नजर आए। 39 वर्षीय रोहित हाल ही में संघर्ष कर रहे हैं और रन उतनी तेजी से नहीं बन रहे हैं जितनी वे चाहते हैं। यहां तक ​​कि इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के पहले मैच में भी रोहित ने सिर्फ 11 रन बनाए थे।

रोहित की फॉर्म चिंता का विषय नहीं

हालांकि, पहले तो बीसीसीआई ने रोहित शर्मा के रिटायरमेंट वाली अफवाहों पर स्पष्टीकरण देते हुए विराम लगाया, उसके बाद तीसरे मैच की पूर्व संध्या पर भारतीय गेंदबाजी कोच ने भी रोहित को लेकर सकारात्मक बात की है और उनकी फॉर्म को चिंता का विषय नहीं माना है। शनिवार को भारतीय गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने रोहित शर्मा का समर्थन करते हुए कहा कि अनुभवी बल्लेबाज को मैच का रुख बदलना आता है। उन्होंने पूर्व भारतीय कप्तान के प्रति सहानुभूति जताते हुए कहा कि इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में नई गेंद के सामने बल्लेबाजी करना आसान नहीं रहा है। मोर्केल ने शनिवार को मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकारों से कहा- “जैसा कि मैंने पहले कहा, नई गेंद से शुरुआत करना काफी मुश्किल होता है। हमने पूरी सीरीज में देखा है कि गेंद स्विंग हो रही है। इसलिए शुरुआत में बल्लेबाजी करना आसान नहीं है। इसमें कोई शक नहीं कि रोहित इसका हल निकाल लेंगे।” उन्होंने आगे कहा, “रोहित ने अतीत में ऐसा किया है, उनका अनुभव इसमें सहायक है। और वे बल्लेबाजी क्रम में एक तरह की शांति लाते हैं। इसलिए निःसंदेह, उनके काम करने के तरीके को लेकर कोई चिंता या परेशानी नहीं है।”

बीसीसीआई ने दिया था स्पष्टीकरण

इससे पहले शुक्रवार रात को बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे वनडे के बाद रोहित के संन्यास लेने की सभी खबरों को खारिज करते हुए स्थिति पर स्पष्टीकरण दिया। समाचार एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए सैकिया ने कहा कि जब तक चयनकर्ताओं की योजना में रोहित का स्थान रहेगा, वे खेलते रहेंगे। सैकिया ने कहा “रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर मीडिया में तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। मैं यह बात स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं कि ऐसी कोई चर्चा नहीं हुई है कि रोहित रविवार को लॉर्ड्स में अपना आखिरी मैच खेलेंगे।” बीसीसीआई सचिव ने आगे कहा, “रोहित भारतीय वनडे टीम के नियमित सदस्य हैं और जब तक वह टीम का हिस्सा हैं, तब तक देश का प्रतिनिधित्व करते रहेंगे। दूसरे शब्दों में कहें तो, लॉर्ड्स में खेला गया वनडे उनका आखिरी मैच नहीं होगा।”



Leave a Comment