रोहित शर्मा के रिटायरमेंट की खबर झूठी, BCCI ने बताया अफवाह, कहीं नहीं जाएंगे ‘हिटमैन’, Cricket Hindi News


रोहित शर्मा लॉर्ड्स में ना तो अपना आखिरी वनडे मैच खेलेंगे और ना ही रिटायर हो रहे हैं। 2027 विश्व कप को लेकर उनकी खेलने की राह खुली हुई है। बीसीसीआई ने अफवाहों में अपने एक बयान से विराम लगा दिया है। जानिए बीसीसीआई सचिव सेकिया ने क्या कहा?

बीसीसीआई ने शुक्रवार को रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि इंग्लैंड के खिलाफ रविवार को लॉडर्स पर तीसरा वनडे उनका आखिरी मैच नहीं है।

बीसीसीआई सचिव देवाजीत सैकिया ने पीटीआई से कहा कि इस तरह की कोई चर्चा नहीं हो रही है कि लॉडर्स पर रविवार को रोहित आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेंगे। उन्होंने पीटीआई से खास बातचीत में कहा ,” रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर मीडिया में काफी अटकलें लगाई जा रही हैं। मैं जोर देकर कहना चाहता हूं कि ऐसी कोई चर्चा नहीं हो रही है कि रोहित रविवार को लॉडर्स पर अपना आखिरी मैच खेलेगा।” उन्होंने कहा ,” रोहित भारतीय वनडे टीम का नियमित सदस्य है और जब तक टीम की योजनाओं का हिस्सा है, देश के लिये खेलता रहेगा। दूसरे शब्दों में, लॉडर्स वनडे उनका आखिरी मैच नहीं है।”

लगाई जा रही थीं अटकलें

ऐसी अटकलें लगाई जा रही थीं कि लॉडर्स वनडे रोहित का आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच होगा क्योंकि राष्ट्रीय चयनकर्ता उन्हें बता चुके हैं कि वह 2027 में होने वाले वनडे विश्व कप के लिये टीम की योजनाओं का हिस्सा नहीं है। इससे इस संभावना को बल मिला है कि वह रविवार के मैच के बाद संन्यास का ऐलान कर सकते हैं या टीम से बाहर हो सकते हैं । वह टेस्ट और टी20 से संन्यास पहले ही ले चुके हैं। 16 जुलाई को इंडियन एक्सप्रेस ने अपनी रिपोर्ट में छापा था कि इंग्लैंड दौरा रोहित शर्मा का आखिरी दौरा वनडे क्रिकेट में हो सकता है। लॉर्ड्स वनडे में वे रिटायरमेंट ले सकते हैं। चयन समिति ने उन्हें बताया दिया है कि वे भारत के लिए 2027 विश्व कप प्लान का हिस्सा नहीं है। यह खबर देखते ही देखते आंधी की तरह मीडिया से लेकर सोशल मीडिया तक फैली थी, लेकिन अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के सचिव ने पीटीआई को दिए अपने बयान से इन तमाम कयासों और संभावनाओं को खारिज कर दिया है। रोहित शर्मा की 2027 विश्व कप खेलने की संभावना अब भी बनी हुई है। आखिरी वनडे में प्रशंसकों को उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी। रोहित शर्मा टेस्ट और टी-20 से पहली ही संन्यास ले चुके हैं, वे सिर्फ वनडे इंटरनेशल खेलते हैं। साल 2026 में वनडे क्रिकेट में उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है, लेकिन बड़े खिलाड़ियों को फॉर्म में लौटने में कोई बहुत दिन नहीं लगते हैं।

रोहित शर्मा वनडे के सबसे प्रभावशाली खिलाड़ियों में से एक हैं। उन्होंने इस प्रारूप में 11 हजार से अधिक रन बना लिए हैं। वे भारत के लिए सर्वाधिक रन इस फॉर्मेट में बनाने वाले बल्लेबाजों में से एक हैं। रोहित शर्मा का करियर 2027 विश्व कप तक चल सकता है।



Leave a Comment