पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर बासित अली ने दावा किया है कि बोर्ड और मैनेजमेंट के बढ़ते दबाव के चलते रोहित शर्मा और विराट कोहली इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स वनडे के बाद संन्यास का ऐलान कर सकते हैं।

रोहित शर्मा को बाहर करने पर क्या बोले बासित अली?
इस पूरे घटनाक्रम पर पाकिस्तान के पूर्व खिलाड़ी बासित अली ने अपने यूट्यूब चैनल पर राय रखी। उनका मानना है कि रोहित शर्मा को तब तक खेलना जारी रखना चाहिए जब तक उनका प्रदर्शन टीम में जगह पाने के लायक है और उन्हें हालिया खराब नतीजों के आधार पर नहीं आंका जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा, ‘अगर वह लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं तो उन्हें खेलते रहना चाहिए। इस समय, यदि आप उन्हें केवल इंग्लैंड के दो मैचों के प्रदर्शन या गौतम गंभीर की पसंद-नापसंद के आधार पर आंकना चाहते हैं तो आपको विराट कोहली को भी ध्यान में रखना चाहिए।’
विराट कोहली को भी करता है प्रभावित
बासित ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए यह भी दावा किया कि रोहित पर बनाया जा रहा दबाव विराट कोहली के फैसलों को भी प्रभावित कर सकता है। जिस तरह रोहित के टेस्ट संन्यास लेने के महज पांच दिन बाद ही विराट ने भी टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया था उसी पैटर्न को देखते हुए दोनों लॉर्ड्स में बड़ा फैसला ले सकते हैं।
रोहित के बाद होगी विराट की बारी
बासित अली ने कहा, ‘अगर आज रोहित की बारी है तो अगली बार विराट की भी हो सकती है। जिस तरह से विराट ने टेस्ट से संन्यास लिया था उसे देखते हुए इस बात की पूरी संभावना है कि ये दोनों खिलाड़ी लॉर्ड्स में एक साथ अपने संन्यास का ऐलान कर दें।’ उन्होंने आगे जोड़ा कि अगर सीनियर खिलाड़ियों पर जरूरत से ज्यादा दबाव डाला गया, तो ऐसा बड़ा फैसला लिया जा सकता है, जो क्रिकेट जगत के लिए एक बड़ी भूल होगी क्योंकि पूरी दुनिया अभी भी विराट को खेलते देखना चाहती है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अजीत अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति और हेड कोच गौतम गंभीर का मैनेजमेंट अब वनडे फॉर्मेट में यशस्वी जायसवाल जैसे युवा बल्लेबाज को लगातार लंबे मौके देने के पक्ष में है जिसके कारण सीनियर खिलाड़ियों पर अपनी जगह बचाने का भारी दबाव साफ देखा जा सकता है।
