‘रोहित शर्मा को लेकर कोई चिंता नहीं…’, हिटमैन के सपोर्ट में उतरे बॉलिंग कोच मोर्ने मोर्केल, VIDEO – morne morkel backs rohit sharma amid retirement rumours ind vs eng lords tspoa


टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा के ओडीआई फ्यूचर को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है. पिछले कुछ दिनों से उनकी खराब फॉर्म और संभावित संन्यास को लेकर लगातार अटकलें लगाई जा रही थीं. यहां तक कि ऐसी रिपोर्ट्स भी सामने आईं कि इंग्लैंड दौरे के बाद रोहित को वनडे टीम से बाहर किया जा सकता है. हालांकि पहले भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) ने इन खबरों को खारिज किया और अब बॉलिंग कोच मोर्ने मोर्केल ने भी साफ कर दिया है कि टीम मैनेजमेंट को रोहित की बल्लेबाजी या भविष्य को लेकर कोई चिंता नहीं है.

कार्डिफ वनडे में रोहित शर्मा के फिर फ्लॉप रहने के बाद उनके भविष्य पर सवाल उठने लगे थे. हालांकि, बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने इन दावों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि रोहित शर्मा अभी भी भारत की वनडे योजनाओं का हिस्सा हैं. उन्होंने साफ किया कि जब तक रोहित टीम की योजनाओं में फिट बैठते रहेंगे, तब तक वह भारत का प्रतिनिधित्व करते रहेंगे. यानी लॉर्ड्स वनडे उनका आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला नहीं है.

तीसरे वनडे से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब मोर्ने मोर्केल से रोहित शर्मा के भविष्य और फॉर्म को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने ‘हिटमैन’ पर पूरा भरोसा जताया. मोर्केल ने कहा, ‘पारी की शुरुआत करना आसान नहीं होता, खासकर इंग्लैंड जैसी परिस्थितियों में. मुझे पूरा विश्वास है कि रोहित इसका रास्ता निकाल लेंगे. उन्होंने अपने लंबे करियर में कई बार ऐसा करके दिखाया है. वह बेहद अनुभवी खिलाड़ी हैं और उनकी मौजूदगी बल्लेबाजी क्रम में अलग तरह का सुकून लेकर आती है. इसलिए उनकी बल्लेबाजी या टीम में उनकी जगह को लेकर हमें कोई चिंता नहीं है.’

रोहित शर्मा इस सीरीज में अब तक बड़ी पारी नहीं खेल सके हैं. पहले ओडीआई में उन्होंने 21 गेंदों पर 11 रन बनाए, जबकि दूसरे मुकाबले में 47 गेंदों पर 26 रन बनाकर आउट हो गए. ऐसे में उनकी फॉर्म पर सवाल उठना स्वाभाविक है. लेकिन टीम मैनेजमेंट का मानना है कि रोहित का योगदान सिर्फ रन बनाने तक सीमित नहीं है. 19 साल के अंतरराष्ट्रीय अनुभव के साथ वह ड्रेसिंग रूम में खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ाते हैं और मुश्किल परिस्थितियों में टीम को शांत रखने में अहम भूमिका निभाते हैं.

रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर उठ रही तमाम चर्चाओं के बीच बीसीसीआई और टीम मैनेजमेंट के बयानों ने यह साफ कर दिया है कि फिलहाल अनुभवी सलामी बल्लेबाज पर भरोसा कायम है. बोर्ड पहले ही संकेत दे चुका है कि रोहित 2027 वनडे वर्ल्ड कप की योजनाओं में शामिल हैं और अब मोर्केल के बयान ने भी इस भरोसे को और मजबूती दे दी है.

—- समाप्त —-



Leave a Comment