रोहित शर्मा-विराट कोहली वर्ल्ड कप 2027 में कर सकते हैं ‘लियोनेल मेसी’ जैसा कमाल, Cricket Hindi News


रोहित शर्मा और विराट कोहली का अनुभव वर्ल्ड कप 2027 में भारत के बहुत काम आएगा। मोहम्मद कैफ ने लियोनेल मेसी से इन दो भारतीय दिग्गजों की तुलना की। मेसी की टीम फीफा वर्ल्ड कप के फाइनल में है।

पूर्व भारतीय क्रिकेटर और मौजूदा एक्सपर्ट मोहम्मद कैफ ने टीम इंडिया के दो लीजेंड प्लेयर्स रोहित शर्मा और विराट कोहली की तुलना अर्जेंटीना के फुटबॉलर ‘लियोनेल मेसी’ से की है। कैफ का कहना है कि जैसे मेसी के अनुभव के दम पर अर्जेंटीना फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में पहुंची है, वैसी ही भूमिका रोहित और विराट 2027 वर्ल्ड कप में भारत के लिए निभा सकते हैं। मेसी ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ कोई गोल नहीं किया, मगर उनके दो बेहतरीन असिस्ट के दम पर अर्जेंटीना उस नॉकआउट मैच में दो गोल करने में कामयाब रही। अर्जेंटीना ने आखिरी कुछ मिनट में बाजी पलट इंग्लैंड को 2-1 से हरा लगातार दूसरी बार फाइनल में जगह बनाई।

मोहम्मद कैफ ने क्रिकबज के शो पर कहा, “2027 का फेज बहुत इंपॉर्टेंट होगा। लोग विराट कोहली और रोहित शर्मा के बारे में बात कर रहे हैं क्योंकि यह आसान वर्ल्ड कप नहीं होगा। कंडीशन अलग होंगी, बाउंसी पिचें होंगी, और इंडिया को वहां इन दोनों प्लेयर्स की जरूरत होगी। हम पक्का चाहेंगे कि वे अब से ज्यादा से ज्यादा मैच खेलें और अच्छे फॉर्म में रहें।”

उन्होंने अर्जेंटीना के स्टार से इन दोनों की तुलना करते हुए आगे कहा, “लियोनेल मेसी 39 साल के हैं और उनकी टीम FIFA वर्ल्ड कप फाइनल में पहुंच गई है। उन्होंने सेमीफाइनल में गोल नहीं किया, लेकिन एक असिस्ट किया। अनुभव से यही मिलता है। जब आपके पास युवा खिलाड़ी होते हैं जो काम पूरा कर सकते हैं, तो अनुभवी खिलाड़ी जानते हैं कि उन्हें कैसे गाइड करना है और मौके कैसे बनाने हैं, इसलिए जैसे मेसी अर्जेंटीना के लिए हैं, वैसे ही विराट कोहली और रोहित शर्मा वर्ल्ड कप में भारत के लिए हैं।”

लियोनेल मेसी जीत का जश्न मनाते हुए

भारत के पूर्व बल्लेबाज ने कहा कि अनुभव की कीमत सभी खेलों में एक जैसी रहती है। कैफ ने कहा, “चाहे फुटबॉल हो या क्रिकेट, अनुभव बहुत बड़ी भूमिका निभाता है। विराट कोहली और रोहित शर्मा को सबसे महान ODI खिलाड़ियों में से माना जाता है, इसलिए भारत को उनकी 100 परसेंट जरूरत होगी, खासकर कप्तान शुभमन गिल के नेतृत्व में साउथ अफ्रीकी हालात में।”

बता दें, हाल ही में रोहित शर्मा के रिटायरमेंट को लेकर अफवाह उठी थी, जिसके बाद कैफ का यह बयान आया है। रिपोर्ट्स थीं कि रोहित इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे वनडे के बाद रिटायरमेंट ले सकते हैं क्योंकि मुख्य चयनकर्ता अजीत अगर ने उन्हें साफ कर दिया था कि वह अब वर्ल्ड कप 2027 स्कीम का हिस्सा नहीं हैं। हालांकि बीसीसीआई ने इन सभी अफवाओं को खारिजा किया और बताया कि रोहित शर्मा रिटायरमेंट नहीं लेने वाले हैं।



Leave a Comment