‘रोहित शर्मा शतक के साथ करियर खत्म करेंगे, सेलेक्टर्स को देंगे मुंहतोड़ जवाब’, अफवाहों पर दोस्त ने कर दिया बड़ा दावा – rohit sharma will finish with century in india vs england 3rd odi lords parthiv patel big statement


रोहित शर्मा के वनडे संन्यास की खबरों के बीच पूर्व क्रिकेटर पार्थिव पटेल ने दावा किया है कि यदि लॉर्ड्स वनडे रोहित का आखिरी मैच होता है, तो वे शतक बनाकर आलोचकों और सेलेक्टर्स को मुंहतोड़ जवाब देंगे।

Parthiv Patel Statement on Rohit Sharma
रोहित शर्मा को लेकर पार्थिव पटेल ने दिया बड़ा बयान(फोटोAP)
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और स्टार ओपनर रोहित शर्मा के वनडे भविष्य को लेकर इस समय सोशल मीडिया से लेकर मीडिया तक में तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। अफवाह थी कि इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में होने वाला तीसरा वनडे मैच हिटमैन के अंतरराष्ट्रीय करियर का आखिरी मुकाबला हो सकता है। हालांकि बीसीसीआई ने साफ कर दिया कि रोहित शर्मा संन्यास नहीं ले रहे हैं और टीम इंडिया के वनडे स्क्वाड का हिस्सा बने रहेंगे। रिपोर्टों में दावा किया गया था कि चयन समिति ने रोहित को साफ कर दिया है कि वे अगले साल साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप के रोडमैप का हिस्सा नहीं हैं, हालांकि अब इन बातों में कोई सच्चाई नहीं रही है।

लॉर्ड्स में रोहित के बल्ले से निकलेगा शतक!

इस पूरे विवाद के बीच, रोहित शर्मा के पुराने दोस्त और पूर्व भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज पार्थिव पटेल उनके समर्थन में उतर आए हैं और उन्होंने हिटमैन को लेकर एक बहुत बड़ा दावा किया है। रोहित शर्मा के पुराने साथी पार्थिव पटेल ने जियोस्टार से बातचीत के दौरान भरोसा जताया है कि अगर लॉर्ड्स का यह मुकाबला रोहित का आखिरी मैच होता है, तो वे अपने बल्ले से आलोचकों का मुंह बंद करेंगे। पार्थिव ने कहा, ‘अगर लॉर्ड्स वनडे वाकई उनके करियर का आखिरी मैच है, तो रोहित शर्मा एक शानदार शतक के साथ विदाई लेना चाहेंगे। वे ऐसा करने में पूरी तरह सक्षम हैं। हमने उनके पूरे करियर में देखा है कि जब भी वे दो या तीन मैचों में सस्ते में आउट होते हैं, तो वे ठीक अगली पारी में एक मैच जिताऊ पारी के साथ धमाकेदार वापसी करते हैं।’

कोहली और रोहित में अंतर, आलोचनाओं का बल्ले से देंगे जवाब

पार्थिव ने विराट कोहली और रोहित शर्मा के बैटिंग स्टाइल की तुलना करते हुए कहा, ‘विराट कोहली और रोहित शर्मा के बीच हमेशा से बड़ा अंतर निरंतरता का रहा है। रोहित शायद हर मैच में बड़े रन न बनाएं, लेकिन जब भी उनका बल्ला चलता है, वे एक बेहद लंबी पारी खेलते हैं, जो अक्सर उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिला देती है।’ कार्डिफ में खेले गए दूसरे वनडे में रोहित ने 47 गेंदों में संघर्ष करते हुए केवल 26 रन बनाए थे और वे पिच के असमान उछाल के सामने काफी असहज दिखे थे। इस पर पार्थिव ने कहा, ‘यह मैच रोहित के लिए अपने आलोचकों को शांत करने का एक और बेहतरीन मौका है। ऐसा पहले भी कई बार हो चुका है, और उन्होंने हमेशा अपने बल्ले से ही जवाब दिया है। इसलिए, अगर यह उनका आखिरी मैच है, तो मैं उम्मीद करता हूं कि वे एक ऐसी पारी खेलें जिसे लोग लंबे समय तक याद रखें।’

रोहित शर्मा नहीं ले रहे संन्यास

इसी बीच शुक्रवार को बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने रोहित शर्मा के संन्यास की अफवाहों को पूरी तरह से खारिज करते हुए एक बड़ा बयान दिया। उन्होंने PTI से बातचीत में बेहद साफ शब्दों में कहा कि मीडिया में रोहित के भविष्य को लेकर लगाई जा रही सभी अटकलें पूरी तरह से मनगढ़ंत और निराधार हैं। देवाजीत ने जोर देकर स्पष्ट किया कि बोर्ड या चयन समिति के भीतर ऐसी कोई चर्चा नहीं चल रही है कि लॉर्ड्स में होने वाला तीसरा वनडे मैच रोहित शर्मा का आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच होगा। उन्होंने फैंस को भरोसा दिलाते हुए कहा कि रोहित भारतीय वनडे टीम के एक नियमित और बेहद महत्वपूर्ण सदस्य हैं और जब तक वे टीम की भविष्य की योजनाओं का हिस्सा हैं, तब तक वे पूरी प्रतिबद्धता के साथ देश के लिए क्रिकेट खेलते रहेंगे।

ऋषिकेश कुमार सिंह

लेखक के बारे मेंऋषिकेश कुमार सिंहऋषिकेश कुमार सिंह (डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर)

ऋषिकेश कुमार सिंह वर्तमान में नवभारत टाइम्स (NBT) डिजिटल में डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने साल 2022 में ‘इंडिया टीवी’ से अपने करियर की शुरुआत की और बहुत कम समय में अपनी सटीक रिपोर्टिंग और विश्लेषणात्मक लेखन से पहचान बनाई। वे अप्रैल 2025 में टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप के नवभारत टाइम्स, डिजिटल विंग से जुड़े। पत्रकारिता में ऑनलाइन न्यूज डेस्क पर उन्हें काम करने का 3.5 साल का अनुभव है।

विशेषज्ञता: ऋषिकेश कुमार सिंह खास तौर पर खेल की खबर, ब्रेकिंग न्यूज, रियल टाइम खबरें, एक्सप्लेनर और रिसर्च आधारित खबरें करते हैं। इसके अलावा वह क्रिकेट, WWE, हॉकी और टेनिस जैसे खेलों की गहरी समझ रखते हैं। कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वह वीडियो एंकरिंग, ग्राफिक डिजाइनिंग और वीडियो एडिटिंग में निपुण।

शिक्षा: मूल रूप से झारखंड के बोकारो के रहने वाले ऋषिकेश कुमार सिंह ने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से बैचेलर इन मीडिया में स्नातक किया। उन्होंने साल 2022 में अपनी स्नातक डिग्री पूरी की थी।

और पढ़ें