‘लॉकअप’ में गोविंदा की पत्नी सुनीता ने दीं गालियां, चौंका ‘अनुपमा’ एक्टर? कहा- सोच समझकर बोलो – anupamaa fame sudhanshu pandey indirect dig at govinda wife sunita ahuja abusive language in lockupp 2 tmovj


गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा इस समय एकता कपूर के रियलिटी शो लॉक अप 2 में गदर मचा रही हैं. उनका बेबाक अंदाज पहली बार जनता ने अनफिल्टर्ड वर्जन में दिखा है. सुनीता जिस तरह से शो में मिल रहे खाने पर सवाल उठा रही हैं, इससे वो काफी चर्चा में बनी हुई हैं. वो जिस भाषा में अपनी बातें रख रही हैं, उसपर भी लोगों का ध्यान जा रहा है. 

सुनीता आहूजा फिलहाल शो से बाहर आने की जिद पर अड़ी हुई हैं. उन्हें वहां का माहौल रास नहीं आ रहा. इस बीच टीवी एक्टर सुधांशु पांडे का एक बयान काफी वायरल हो रहा है, जो सुनीता और गोविंदा से जोड़ा जा रहा है. एक्टर ने रियलिटी शो में इस्तेमाल हो रही अभद्र भाषा पर सवाल खड़े किए हैं. उनका कहना है कि एक सीनियर एक्टर की पत्नी शो में खुलेआम दूसरों को गालियां दे रही है. 

सुनीता ने खफा हैं सुधांशु?

सुधांशु पांडे जिन्हें अनुपमा शो में वनराज शाह के रोल में देखा गया, वो हाल ही में इंस्टाग्राम पर लाइव आए थे. वहां उन्होंने बिना किसी शो या एक्टर का नाम लिए रियलिटी शो में इस्तेमाल हो रही भाषा पर टिप्पणी की. सुधांशु ने कहा- आजकल इंस्टाग्राम पर लोग ऐसी चीजें पसंद कर रहे हैं, जो मुझे बिल्कुल भी अच्छी नहीं लगतीं. कई तरह का ऐसा कंटेंट है जो तेजी से वायरल हो रहा है. कभी-कभी लगता है कि क्या हमारे देश की सोच इतनी बदल गई है? मैं सिर्फ नई पीढ़ी की बात नहीं कर रहा, मुझे लगता है कि पिछली दो पीढ़ियों की सोच भी काफी बदल गई है. लोग ऐसी चीजों को पसंद कर रहे हैं, जो मेरे हिसाब से हमारे समाज के लिए नुकसानदायक हैं.

‘हाल ही में मैंने एक OTT रियलिटी शो की कुछ क्लिप्स देखीं. उसमें सभी लोग खुलेआम एक-दूसरे को गालियां दे रहे थे. मुझे तो हैरानी होती है कि आजकल लड़कियां भी जरूरत से ज्यादा गालियां देती नजर आती हैं, कई बार लड़कों से भी ज्यादा. मुझे लगता है कि कूल दिखने का मतलब लोगों ने पूरी तरह गलत समझ लिया है. मैंने देखा कि उस शो में इंडस्ट्री के एक बड़े स्टार की पत्नी, जो खुद भी जानी-मानी शख्सियत हैं, वो भी खुलेआम दूसरों को गालियां देती नजर आईं. आखिर हम दुनिया के सामने कैसी मिसाल पेश कर रहे हैं? हम बड़े हो चुके हैं, सीनियर हैं. अगर हम नई पीढ़ी के लिए अच्छी मिसाल नहीं बन सकते, तो फिर हम क्या कर रहे हैं?’

गालियों पर उठाए सवाल

सुधांशु ने ऐसी भाषा पर सवाल खड़े किए और टीवी-ओटीटी चैनल्स से विनती की कि वो ऐसे कंटेंट पर रोक लगाएं. एक्टर ने कहा- शब्दों में बहुत ताकत होती है. आपकी दो बातें किसी की जिंदगी बदल सकती हैं. इसलिए हमें हमेशा सोच-समझकर और अच्छी बातें करनी चाहिए, क्योंकि हमारे शब्दों का असर लोगों पर पड़ता है. मैं टीवी चैनलों और OTT प्लेटफॉर्म्स से कहना चाहता हूं कि रियलिटी शो के नाम पर ऐसा कंटेंट बनाना बंद करें.

‘आज लगता है कि उन्हें सिर्फ ज्यादा से ज्यादा व्यूज और नंबर चाहिए. इन्हीं नंबरों के लिए ऐसा कंटेंट बनाया जा रहा है. बड़े-बड़े सितारे भी ऐसे शोज होस्ट कर रहे हैं और उन लोगों का साथ दे रहे हैं, जो सिर्फ गालियां देते हैं और दूसरों की बेइज्जती करते हैं. अगर यही किसी की असली पहचान है, तो मुझे लगता है कि हम जैसे लोगों के लिए इस दुनिया में जगह ही नहीं बची है, क्योंकि हम किसी का ध्यान खींचने के लिए न गालियां देते हैं और न ही किसी का अपमान करते हैं.’

—- समाप्त —-



Leave a Comment