जागरण संवाददाता, पटना। रांची से पटना आने वाली प्रीमियम वंदे भारत एक्सप्रेस में आई तकनीकी खराबी का असर सोमवार सुबह पटना से रांची जाने वाली सेवा पर भी पड़ा।
ट्रेन का खराब इंजन राजेन्द्र नगर कोचिंग कॉम्प्लेक्स लाया गया, जहां रेलवे के इंजीनियरों ने रातभर मरम्मत का कार्य किया। इंजन ठीक होने के बाद इसी रेक को सुबह पटना से दो घंटे आठ मिनट की देरी से रांची के लिए रवाना किया गया।
22349 वंदे भारत एक्सप्रेस पटना जंक्शन से सुबह 7 बजे रांची जाने वाली थी। यह ट्रेन सोमवार को सुबह 9:08 बजे रांची के लिए रवाना हुई। रांची में यह 1:30 घंटे विलंब से पहुंची।
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम रांची से निर्धारित समय पर चली वंदे भारत एक्सप्रेस (22350) मेसरा स्टेशन के पास पहुंचते ही उसके मेन रिजर्वायर (एमआर) प्रेशर सिस्टम में तकनीकी खराबी आ गई।
लोको पायलट ने मौके पर समस्या दूर करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद ट्रेन को धीमी गति से बरकाकाना स्टेशन तक ले जाया गया, जहां करीब एक घंटे तक मरम्मत की कोशिश चली।
जब खराबी दूर नहीं हुई तो मालगाड़ी का इंजन लगाकर ट्रेन को गया जंक्शन भेजा गया। मालगाड़ी के इंजन की सहायता से ट्रेन रात 11:37 बजे गया पहुंची। वहां रेलवे की तकनीकी टीम ने खराब इंजन हटाकर 38173 नंबर का मेल/एक्सप्रेस इंजन लगाया और रात 12:10 बजे ट्रेन को पटना के लिए रवाना किया।
तकनीकी खराबी के कारण ट्रेन लगभग साढ़े तीन घंटे की देरी से पटना पहुंची। पटना पहुंचने के बाद खराब इंजन को राजेन्द्र नगर कोचिंग काम्प्लेक्स ले जाया गया, जहां रेलवे के तकनीकी विशेषज्ञों ने विस्तृत जांच कर आवश्यक मरम्मत की।
इंजन के फिट घोषित होने के बाद उसी रेक से सोमवार सुबह पटना से रांची जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को दो घंटे आठ मिनट विलंब से रवाना किया गया।
रेल प्रशासन इंजन में आई तकनीकी खराबी की जांच के आदेश दिए हैं। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, तकनीकी खराबी दूर करने के बाद इंजन का परीक्षण किया गया, जिसके बाद ही ट्रेन को परिचालन के लिए अनुमति दी गई।
इस पूरी घटना के कारण दोनों दिशाओं में वंदे भारत सेवा का समय प्रभावित हुआ और यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा। कई यात्रियों की आगे की रेल और सड़क यात्रा भी प्रभावित हुई।
यह भी पढ़ें- बिहार में रेल हादसा: मालगाड़ी का 4 बोगियां पटरी से उतरीं, फतुहा-नटेसर रेल लाइन पर 5 घंटे तक थमी आवाजाही