वर्ल्ड पैरा टेबल टेनिस में प्राची ने एकल स्पर्धा में जीता कांस्य पदक, थाईलैंड में आयोजित हुआ खेल


जागरण संवाददाता, कानपुर। छड़ी के सहारे पैरा खेल जगत में सनसनी बनकर उभरीं प्राची ने थाईलैंड में संपन्न हुई आईटीटीएफ वर्ल्ड पैरा फ्यूचर टेबल टेनिस चैंपियनशिप में कांस्य पदक अपने नाम किया। करीब 12 देशों के खिलाड़ियों के बीच प्राची ने वूमेंस एकल स्पर्धा में पदक जीतकर शहर का नाम रोशन किया।

वे इससे पहले 10 से ज्यादा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीत चुकी हैं। टेबल टेनिस में स्किल, दमदार शाट्स की माहिर खिलाड़ी प्राची पैरालिंपिक में देश के लिए पदक जीतना चाहती हैं।

उन्नाव जिले के जुराखन खेड़ा निवासी प्राची लंबे समय से गुजरात के गांधी नगर स्थित स्पोर्ट्स अथारिटी ऑफ इंडिया के सेंटर में टेबल टेनिस खेल का कड़ा अभ्यास कर पैराओलिंपिक के लिए खुद को तैयार कर रही हैं।

इससे पहले ब्राजील, जार्डन, थाईलैंड और नाइजीरिया में हुई अंतराष्ट्रीय पैरा टेबल टेनिस प्रतियोगिता में पदक झटक चुकी हैं। प्राची के नाम 2023 ब्राजील ओपन पैरा टेबल टेनिस में कांस्य पदक है। जून 2023 में अल वतानी पैरा चैंपियनशिप जार्डन में डबल्स वर्ग में कांस्य पदक जीता था।



Leave a Comment