Last Updated:
Prashant Kishor News: चुनाव जीतने के बाद नेता आमतौर पर इलाके के विकास, सड़क, नाली और दूसरी योजनाओं की बात करते हैं, लेकिन बांकीपुर के नए विधायक प्रशांत किशोर ने अपनी पहली बड़ी घोषणा रोजगार को लेकर की है. उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं से CV और बायोडाटा मांगा है और अगले एक-दो साल में 10 हजार युवाओं को प्राइवेट नौकरी दिलाने का लक्ष्य रखा है.
प्रशांत किशोर ने बांकीपुर में दस हजार लोगों को नौकरी देने का ऐलान किया
पटना. बिहार की राजधानी पटना के बांकीपुर से विधायक चुने जाने के बाद जन सुराज पार्टी के संयोजक प्रशांत किशोर ने 10 हजार बेरोजगार युवाओं को नौकरी देने की घोषणा की है. पीके ने बांकीपुर विधानसभा में रहने वाले परिवारों से उनके शिक्षित बेरोजगार युवाओं के सीवी और बायोडेटा मांगे हैं. खास बात यह है कि PK ने सरकारी नौकरी का वादा नहीं किया है. उनका कहना है कि अपने निजी संपर्कों का इस्तेमाल कर युवाओं को कंपनियों और फैक्ट्रियों में नौकरी दिलाने की कोशिश करेंगे.
विधायक बनते ही रोजगार पर फोकस
बता दें कि बांकीपुर से उपचुनाव जीतने के बाद प्रशांत किशोर ने मंगलवार से इलाके में जनसंपर्क अभियान शुरू किया. वार्ड-वार्ड जाकर लोगों से संवाद के दौरान उन्होंने बेरोजगार युवाओं के लिए अपना प्लान सामने रखा. उन्होंने परिवारों से कहा कि अगर उनके बच्चे पढ़-लिखकर बेरोजगार हैं तो उनका CV और बायोडाटा उनके कार्यालय तक पहुंचाया जाए. इसके बाद उनकी टीम रोजगार के संभावित अवसरों से युवाओं को जोड़ने की कोशिश करेगी.
सरकारी नौकरी नहीं, प्राइवेट जॉब का दावा
प्रशांत किशोर ने साफ किया कि वह सरकारी नौकरी दिलाने का दावा नहीं कर रहे हैं. उनका फोकस प्राइवेट सेक्टर की नौकरियों पर है. उन्होंने कहा कि उनके जीवन और काम के दौरान बड़े लोगों और कंपनियों में जो संपर्क बने हैं, उनका इस्तेमाल अब बांकीपुर के युवाओं के लिए किया जाएगा. उनका लक्ष्य अगले एक-दो साल में करीब 10 हजार परिवारों के बच्चों को रोजगार से जोड़ना है.
फिलहाल बिहार से बाहर भी जाना पड़ेगा
PK के रोजगार प्लान की एक अहम बात यह है कि शुरुआती दौर में युवाओं को नौकरी के लिए बिहार से बाहर भी जाना पड़ सकता है. उन्होंने इसकी वजह बताते हुए कहा कि फिलहाल बिहार में जन सुराज की सरकार नहीं है. ऐसे में जहां रोजगार के अवसर उपलब्ध हैं, वहां युवाओं को भेजने की कोशिश की जाएगी. पीके का कहना है कि जब जन सुराज की सरकार बनेगी तो बिहार में ही रोजगार के अवसर पैदा करने पर जोर दिया जाएगा.
बांकीपुर को मॉडल विधानसभा बनाने का दावा
प्रशांत किशोर ने बांकीपुर को आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाने का भी वादा किया है. रोजगार के अलावा उन्होंने शिक्षा, पेंशन, मुफ्त अनाज, पेयजल और साफ-सफाई जैसे मुद्दों पर भी काम करने की बात कही है. प्रशांत किशोर ने कहा है कि कुछ काम तुरंत शुरू किए जा सकते हैं, जबकि कुछ योजनाओं में समय लगेगा.
BJP के गढ़ में जीत के बाद पहला बड़ा संदेश
बता दें कि बांकीपुर लंबे समय से BJP का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है. उपचुनाव में प्रशांत किशोर की जीत ने बिहार की राजनीति में काफी चर्चा बटोरी. अब विधायक बनने के बाद उनकी पहली बड़ी घोषणा सीधे युवाओं और रोजगार से जुड़ी है. ऐसे में यह देखना अहम होगा कि 10 हजार नौकरियों का यह लक्ष्य किस तरह जमीन पर उतरता है और कितने युवाओं को वास्तव में रोजगार मिल पाता है.
About the Author

पत्रकारिता क्षेत्र में 22 वर्षों से कार्यरत. प्रिंट, इलेट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन. नेटवर्क 18, ईटीवी, मौर्य टीवी, फोकस टीवी, न्यूज वर्ल्ड इंडिया, हमार टीवी, ब्लूक्राफ्ट डिजिट…
और पढ़ें