भारत और इंग्लैंड के बीच एजबेस्टन में खेले गए पहले वनडे मैच में रोहित शर्मा और विराट कोहली का बल्ला नहीं चला। एक तरफ रोहित शर्मा ने 21 गेदों में 11 रन बनाए, वहीं दूसरी तरफ विराट कोहली ने केवल 6 गेदों का सामना करते हुए 5 रन बनाए। इन दोनों बल्लेबाजों ने कुल मिलाकर 16 रन बनाए। हालांकि, इनके ना चलने के बावजूद टीम इंडिया ने 259 रनों के लक्ष्य को 46वें ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। बिना रोहित शर्मा और विराट कोहली के चले वनडे क्रिकेट में जीत हासिल करना भारतीय टीम के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। ऐसा इसलिए क्योंकि आंकड़े कहते हैं कि 2016 के बाद यह केवल दूसरी बार है, जब भारत ने वनडे क्रिकेट में 250 से अधिक रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए तब जीत हासिल की है, जब विराट कोहली और रोहित शर्मा में से किसी ने भी 50 रन नहीं बनाए हैं। इससे पहले यह कारनामा साल 2022 में ओल्ड ट्रैफर्ड के मैदान में इंग्लैंड के खिलाफ हुआ था, जब इंग्लिश टीम ने भारत के सामने 260 रनों का लक्ष्य रखा था, लेकिन टीम इंडिया ने इस मुकाबले को रोहित विराट में से किसी के बिना अर्धशतक जड़े ही जीत लिया था। मुकाबले में रोहित और विराट दोनों ने 17-17 रन बनाए थे।
भारतीय टीम के रीढ़ के बिना नसीब हुई जीत
रोहित और विराट कोहली भारतीय बैटिंग लाइनअप की रीढ़ की हड्डी लंबे समय से रहे हैं। 2013 चैंपियंस ट्रॉफी के बाद से 2019 तक ऐसा लगातार हुआ था कि ज्यादातर मुकाबले टॉप-3 बल्लेबाज शिखर धवन, रोहित शर्मा और विराट कोहली ही फिनिश कर देते थे। हालांकि, 2019 के बाद शिखर धवन के करियर में डिप आने लगा और उसके बाद रोहित और विराट ने मोर्चा संभाला बाद में शुभमन गिल टीम के साथ जुड़े। आज भी भारत को जीत हासिल करने के लिए वनडे मैच में ये टॉप-3 बल्लेबाज अहम भूमिका निभाते हैं, लेकिन 14 जुलाई 2026 को एजबेस्टन में खेले गए इस मुकाबले में अक्षर पटेल और वाशिंगटन सुंदर ने ना सिर्फ अपनी उपयोगिता साबित की, बल्कि यह भी बताया कि भारतीय टीम का लोअर मिडिल आर्डर बिल्कुल कमजोर नहीं है और मैच जिताने की काबिलियत रखता है। यही कारण है कि विराट कोहली, रोहित शर्मा, केएल राहुल और श्रेयस अय्यर के जल्दी आउट हो जाने के बाद भी भारत ने 6 विकेट से मुकाबला जीत लिया। इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए मुकाबले में 258 रन बनाए थे और भारत के सामने 259 रनों का लक्ष्य रखा था। इस लक्ष्य को टीम इंडिया ने वाशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल और शुभमन गिल के अर्धशतकों की मदद से आसानी से हासिल कर लिया।