भारत के खिलाफ दूसरे वनडे में इंग्लैंड ने जो रूट के नाबाद 99 रनों की बदौलत 4 विकेट से जीत दर्ज की और सीरीज 1-1 से बराबर कर ली। रूट भले ही शतक से चूक गए, लेकिन साल 2025 से रन चेज में उनका प्रदर्शन लाजवाब रहा है।

मुश्किल में फंस गई थी इंग्लैंड, फिर मिला जो रूट का साथ
कार्डिफ के इस मुकाबले में जब इंग्लैंड की टीम 234 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए महज 125 रनों पर अपने 5 महत्वपूर्ण विकेट खोकर गहरे संकट में संघर्ष कर रही थी, तब जो रूट ने एक छोर मजबूती से संभाल लिया। भारतीय गेंदबाजों की शानदार गेंदबाजी के सामने रूट ने 133 गेंदों का सामना करते हुए 9 चौकों की मदद से 99 रनों की नाबाद और सूझबूझ भरी पारी खेली। जो रूट भले ही शतक से चूक गए हो, लेकिन उनकी इस पारी ने इंग्लैंड टीम के मनोबल को काफी उंचा कर दिया होगा।
शतक से चूकने का मलाल नहीं…
मैच के आखिरी पलों में जब इंग्लैंड को जीत के लिए सिर्फ 3 रनों की दरकार थी और रूट अपने शतक से 1 रन दूर थे, तब दूसरे छोर पर मौजूद गस एटकिंसन ने चौका जड़कर मैच खत्म कर दिया। रूट भले ही 99 रन पर नाबाद रह गए, लेकिन उन्होंने साबित किया कि उनके लिए व्यक्तिगत रिकॉर्ड से बढ़कर टीम की जीत है। इसके साथ ही वह वनडे इतिहास में 99 रन पर नाबाद रहने वाले इंग्लैंड के पहले बल्लेबाज भी बन गए हैं।
रन चेज में जो रूट के आंकड़े होश उड़ा देंगे
कार्डिफ में खेली गई यह पारी कोई इत्तेफाक नहीं थी। अगर साल 2025 से लक्ष्य का पीछा करते हुए जो रूट के आंकड़ों पर नजर डालें, तो वे इस समय दुनिया के सबसे खतरनाक चेज मास्टर बनकर उभरे हैं। पिछली 8 वनडे पारियों में रन चेज के दौरान रूट का स्कोर कुछ इस प्रकार रहा है: 24, 120, 166, 44, 61, 61, 75, और 99।
साल 2025 से चेज के हैरान करने वाले आंकड़े:
- कुल पारियां: 8
- नॉट आउट: 2 बार
- कुल रन: 650 रन
- उच्चतम स्कोर: 166
- औसत: 108.33
- 50+ स्कोर: 6 बार
लॉर्ड्स में होगा फाइनल महामुकाबला
इन आंकड़ों से साफ है कि साल 2025 से जब भी इंग्लैंड किसी लक्ष्य का पीछा कर रहा है, जो रूट टीम के लिए अभेद्य दीवार बन जाते हैं। उनका 108.33 का औसत यह दर्शाता है कि रन चेज के दौरान उन्हें आउट करना गेंदबाजों के लिए लगभग असंभव साबित हो रहा है। 8 पारियों में से 6 बार 50 से अधिक का स्कोर बनाना उनकी बेमिसाल निरंतरता को बयां करता है। कार्डिफ में मिली इस रोमांचक जीत के साथ इंग्लैंड ने 3 मैचों की वनडे सीरीज को 1-1 से बराबर कर लिया है। अब रविवार को ऐतिहासिक लॉर्ड्स के मैदान पर सीरीज का तीसरा और निर्णायक मुकाबला खेला जाएगा। टीम इंडिया और कप्तान शुभमन गिल के लिए सबसे बड़ी चुनौती एक बार फिर यही होगी कि इस इंग्लिश चेज मशीन को रोकने के लिए क्या रणनीति बनाई जाए।
