शादी के जश्न में खूनी खेल: जहानाबाद में मामी को जबरन डांस कराने पर भिड़े बराती-सराती, टेंट कर्मी का रेता गला


संवाद सहयोगी, रतनी-फरीदपुर (जहानाबाद)। शकूराबाद थाना क्षेत्र के सलारपुर गांव में शादी समारोह के दौरान डीजे पर डांस करने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। बरात पक्ष के लोगों द्वारा किए गए चाकू हमले में टेंट कर्मी की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस गांव में कैंप कर रही है। ओकरी थाना क्षेत्र के कुरुआ गांव से बरात सलारपुर गांव आई थी। जयमाला कार्यक्रम के बाद बरात और सराती पक्ष के युवक डीजे पर नाच रहे थे। बरात पक्ष के कुछ युवकों ने लड़की की मामी को जबरन डांस कराने का प्रयास किया। इसका लड़की के भाई सुबोध कुमार ने विरोध किया।

विरोध के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो धक्का-मुक्की और मारपीट में बदल गई। मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया। रात करीब तीन बजे टेंट-शामियाना में काम करने वाले नागेंद्र कुमार उम्र 15 वर्ष, सूरज कुमार और शंभू कुमार सो रहे थे।

आरोप है कि उसी दौरान बरात पक्ष के कुछ लोग वहां पहुंचे और तीनों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राहुल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल शकूराबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने तीनों को सदर अस्पताल जहानाबाद रेफर कर दिया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए पीएमसीएच पटना भेज दिया गया। इलाज के दौरान बुधवार को नागेंद्र कुमार की मौत हो गई, मृतक का घर कोच थाना के बाजार में पड़ता है वह बचपन से अपने ननिहाल सलारपुर में ही रहता था।

बताया जाता है कि मृतक का गला रेत दिया गया था जिससे खून बह जाने के कारण मौत हुई।जबकि सूरज कुमार और शंभू कुमार की हालत गंभीर बनी हुई है।

नागेंद्र कुमार की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि लड़के के पिता व भाई और दो अन्य लोग को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है। वहीं, पीड़ित पक्ष की ओर से प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन नहीं मिला है। आवेदन मिलने पर अग्रेत्तर कार्रवाई की जाएगी।



Leave a Comment