शोभा ओहटकर बनीं बिहार कर्मचारी चयन आयोग की नई अध्यक्ष, तेज-तर्रार IPS के रूप में पहचान 


राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार सरकार ने 1990 बैच की रिटायर्ड आइपीएस अधिकारी शोभा ओहटकर को बिहार कर्मचारी चयन आयोग का अध्यक्ष बनाया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने शनिवार को इसकी अधिसूचना जारी कर दी।

अभी तक अपर मुख्य सचिव अरविन्द कुमार चौधरी बिहार कर्मचारी चयन आयोग का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे। अब उन्हें इससे मुक्त कर दिया गया है। शोभा ओहटकर की पहचान तेज-तर्रार और कड़क आइपीएस अधिकारी की रही है।

वह इसी साल जून में डीजी होमगार्ड एवं अग्निशमन के पद से सेवानिवृत्त हुई थीं। उन्हें पदभार ग्रहण करने की तिथि से अगले आदेश तक बिहार कर्मचारी चयन आयोग, पटना के अध्यक्ष पद पर नियुक्त किया गया है।

नीतीश के नौकरी और रोजगार के वादे को जमीन पर उतार रहे सम्राट: जदयू

प्रदेश जदयू के प्रवक्ता शंभूनाथ सिन्हा एवं चंदन कुमार सिंह ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वर्ष 2025 से 2030 के बीच पांच वर्षों में राज्य के युवाओं को एक करोड़ सरकारी नौकरी एवं रोजगार उपलब्ध कराने का जो ऐतिहासिक संकल्प लिया था, उसे वर्तमान एनडीए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ धरातल पर उतारने में लगी है।

इसी संकल्प को साकार करने की दिशा में राज्य सरकार लगातार ठोस एवं युवा हितैषी निर्णय ले रही है। विभिन्न विभागों में एक लाख 72 हजार नई भर्तियों की घोषणा इस बात का स्पष्ट प्रमाण है कि सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के अपने वादे पर गंभीरता से काम कर रही है।

इसके अतिरिक्त हाल ही में टीआरई-4 के माध्यम से 32 हजार से अधिक शिक्षकों की बहाली का निर्णय भी शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ-साथ हजारों युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल है।

पांच अगस्त से जिलास्तरीय नियोजन मेला का आयोजन

युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग की ओर से पांच अगस्त से जिलास्तरीय नियोजन मेला का आयोजन किया जाएगा। चरणबद्ध तरीके से नियोजन एवं मागर्दशन मेला सभी जिला मुख्यालयोंमें आयोजित होगा।

 

पहले चरण में पांच अगस्त को सीतामढ़ी के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान परिसर में नियोजन मेला होगा। इसमें भाग लेने वाले इच्छुक अभ्यर्थियों को विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन की व्यवस्था की गई। साथ ही, मेला के बारे में विस्तृत जानकारी के लिए टाल-फ्री नंबर 18002965656 जारी किया गया है।

 

विभाग की ओर से नियोजन मेला स्थल पर भी अभ्यर्थियों के लिए निबंधन की व्यवस्था की गई है। छह अगस्त को वैशाली जिले के हाजीपुरके अक्षयवट राय स्टेडियम, सात अगस्त को बेगूसराय के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, पन्हास, आठ अगस्त को दरभंगा के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, रामनगर, लहेरियासराय, दस अगस्त को मधुबनी के वाटसन प्लस टू विद्यालय, मधुबनी और 11 अगस्त को समस्तीपुर के होली मिशन हाईस्कूल, मोहनपुर में नियोजन मेला का आयोजन किया जाएगा।



Leave a Comment