श्रावस्ती को ₹396 करोड़ की सौगात, सीएम योगी का विपक्ष पर वार- “पहले नौकरियों के नाम पर वसूली पर निकलती थी चाचा-भतीजे की जोड़ी”


Photo Credit; ETV Bharat

श्रावस्ती को ₹396 करोड़ की सौगात (Photo Credit; ETV Bharat)

श्रावस्ती: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को जनपद को 396 करोड़ से अधिक की 83 विकास परियोजनाओं की सौगात दी. इस दौरान उन्होंने विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. उसके बाद जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम ने जहां प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाईं, वहीं कानून-व्यवस्था, रोजगार और भ्रष्टाचार के मुद्दों पर जीरो टॉलरेंस की नीति दोहराते हुए विपक्ष पर भी तीखा हमला बोला.

श्रावस्ती को ₹396 करोड़ की सौगात (Video Credit; ETV Bharat)

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रदेश में अब तक 9 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है. उन्होंने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले नौकरी के नाम पर सिफारिश, वसूली और परिवारवाद का बोलबाला था. विज्ञापन निकलते ही ‘चाचा-भतीजे की जोड़ी’ वसूली के लिए सक्रिय हो जाती थी और बिना ‘पर्ची-खर्ची’ के नियुक्ति मिलना मुश्किल था. मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि आज वह भ्रष्ट व्यवस्था पूरी तरह समाप्त हो चुकी है और श्रावस्ती का युवा भी अपनी योग्यता के बल पर पूरी पारदर्शिता के साथ नियुक्ति पत्र पा रहा है.

‘आक्रांता मसूद गाजी के नाम पर लगाते थे मेला’

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इतिहास और सांस्कृतिक सम्मान का जिक्र करते हुए विपक्ष को आड़े हाथों लिया. उन्होंने कहा कि पहले महाराज सुहेलदेव की महान परंपरा का सम्मान करने के बजाय विदेशी आक्रांता मसूद गाजी के नाम पर मेले लगाए जाते थे, लेकिन हमारी सरकार ने साफ कर दिया है कि विदेशी आक्रांता के नाम पर कोई मेला नहीं लगेगा और ऐसा करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी. कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि इन लोगों को भगवान बुद्ध, जैन और महाराज सुहेलदेव की गौरवशाली परंपरा अच्छी नहीं लगती, इन्हें सिर्फ गाजी मियां का मेला लगवाना पसंद था और ये वही काम करते थे.

Photo Credit; ETV Bharat

श्रावस्ती को ₹396 करोड़ की सौगात (Photo Credit; ETV Bharat)

‘हर थाने में होता था एक गुंडे का कब्जा’

वहीं, पिछली सरकारों में कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने कहा कि पहले हर जनपद में एक माफिया और हर थाने में एक गुंडे का कब्जा होता था. लैंड माफिया और सैंड माफिया हर तरफ हावी थे. उस दौर में जनता को न तो राशन, न पेंशन और न ही मकान या शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं मिलती थीं, क्योंकि गरीबों का राशन बबुआ के गुंडे खा जाते थे. उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग आज युवाओं को बहका रहे हैं, वे जान लें कि हमारी सरकार ने 9 लाख युवाओं को पूरी पारदर्शिता के साथ नौकरियां दी हैं और मैंने खुद अपने हाथों से उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपे हैं.

‘वसूली के लिए निकल पड़ते थे चाचा-भतीजे’

विपक्ष पर हमला जारी रखते हुए सीएम योगी ने कहा कि पहले जब भी नौकरियों का विज्ञापन निकलता था, तो ‘चाचा-भतीजे की जोड़ी’ वसूली के लिए निकल पड़ती थी और पूरा सिंडिकेट हावी हो जाता था. उन्होंने कहा कि श्रावस्ती की जनता ने भाजपा का अच्छा विधायक चुना है, जो विकास की पैरवी करते हैं, अगर भिनगा में भी भाजपा का विधायक होता तो क्षेत्र में और बड़ी योजनाएं आतीं, लेकिन सपा वालों को विकास की पैरवी करने की फुर्सत ही कहां है. सीएम ने कहा कि छांगुर जैसे अपराधियों को हमने बलरामपुर में पकड़कर जेल भेजा और उसके अवैध साम्राज्यों पर बुलडोजर चलाकर सब स्वाहा कर दिया. सीएम ने चेतावनी देते हुए कहा कि जो भी बेटी और व्यापारी की सुरक्षा में सेंध लगाएगा, उसके लिए अब सिर्फ दो ही जगह बची हैं या तो जेल या फिर सीधे जहन्नुम.

Photo Credit; ETV Bharat

श्रावस्ती को ₹396 करोड़ की सौगात (Photo Credit; ETV Bharat)

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में न तो माफिया का आतंक है और न ही अपराधियों का खौफ है. सरकार ने पहले दिन से अपराध और अपराधियों के प्रति “जीरो टॉलरेंस” की नीति अपनाई है, जिसका परिणाम पूरे प्रदेश में दिखाई दे रहा है. उन्होंने कहा कि कभी आकांक्षी जिला कहलाने वाला श्रावस्ती अब प्रेरणादायी जिला बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है. विकास कार्यों के कारण जनपद नई पहचान बना रहा है और देश-दुनिया का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर रहा है. मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास और सुशासन ही प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने विश्वास जताया कि नई परियोजनाओं के पूरा होने से श्रावस्ती में आधारभूत सुविधाएं मजबूत होंगी, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और जिले के सर्वांगीण विकास को नई गति मिलेगी.

ये भी पढ़ें- ”सपा का OBC प्रेम सिर्फ दिखावा” लखनऊ में प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल ने लगाए आरोप



Leave a Comment