श्रेयस अय्यर की अगुवाई भारतीय टीम का इंग्लैंड में भी सूपड़ा साफ हो गया। भारत को आखिरी टी20 में 56 रनों से हार का मुंह देखना पड़ा। अय्यर ने अभी तक कोई मैच नहीं जीता है।
क्रिकेट मैच में हर कप्तान टॉस जीतना चाहता है ताकि अपनी मर्जी से पहले बैटिंग या बॉलिंग चुन सके। कई कप्तान किस्मत के इतने धनी होते हैं, जो ना सिर्फ लगातार टॉस बल्कि मैच भी जीतते हैं। हालांकि, भारतीय टी20 टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर के लिए टॉस अभिशाप बन गया है। उन्होंने लगातार सात मैचों में टॉस अपने नाम किया लेकिन मैच नहीं जीत पाए। सूर्यकुमार यादव की जगह बागडोर संभालने वाले अय्यर अपनी पहली जीत को तरस गए हैं। उनकी अगुवाई में भारत को आयरलैंड और इंग्लैंड में ऐतिहासिक हार का सामना करना पड़ा। आयरलैंड ने दो मैचों की सीरीज में सूपड़ा किया। इंग्लैंड ने पांच मैचों की टी20 सीरीज 4-0 से जीती। यहां पहला टी20 बारिश की भेंट चढ़ गया था।
चेस्टर ली स्ट्रीट में बारिश बनी थी विलेन
श्रेयस अय्यर ने आयरलैंड में दोनों मैचों में टॉस जीतकर बॉलिंग चुनी थी और भारतीय टीम को फैसला रास नहीं आया। आयरलैंड ने पहला मैच 34 जबकि दूसरे मुकाबला एक रन से जीता। भारत पहली बार आयरलैंड से कोई सीरीज हारा। वहीं, अय्यर ने इंग्लैंड में पहले टी20 में टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया था और भारत ने 189/7 का स्कोर बनाया। हालांकि, चेस्टर ली स्ट्रीट में बारिश के कारण इंग्लैंड की पारी शुरू ही नहीं हो सकी। मैनचेस्टर में दूसरे मैच में भारत ने टॉस के बाद बल्लेबाजी की और 190/7 का स्कोर खड़ा किया। इंग्लैंड ने एक ओवर बाकी रहते चार विकेट से जीत दर्ज की।
पांचवें टी20 मैच में बना विशाल स्कोर
इंग्लैंड ने नॉटिंघम में आयोजित तीसरे टी20 में 7 विकेट पर 201 रन बनाए और भारतीय पारी को 76 पर समेटा। इंग्लैंड 125 रन से जीता। यह भारत की भारत को टी20 इंटरनेशनल में रनों के लिहाज से सबसे बड़ी हार थी। अय्यर ने ब्रिस्टल में चौथे मैच में बैटिंग चुनी और भारत ने 158/7 का स्कोर बनाया। इंग्लैंड ने 13.5 ओवर में 9 विकेट से आसानी से जीत हासिल कर ली। भारत ने साउथेम्प्टन में पांचवें टी20 में टॉस जीतने के बाद इंग्लैंड को बैटिंग के लिए उतारा। मेजबान टीम ने 257/3 का विशाल स्कोर खड़ा किया। भारत ने 8 विकेट पर 201 जुटाए और 56 रनों से हार का मुंह देखा। इंग्लैंड ने पहली बार भारत से टी20 सीरीज जीती है।
किसी और भारतीय कप्तान संग नहीं हुआ ऐसा
श्रेयस अय्यर ने शर्मनाक रिकॉर्ड बनाया है। वह लगातार छह टी20 इंटरनेशनल मैच हारने वाले पहले भारतीय कप्तान बन चुके हैं। श्रेयस फुल मेंबर टीम के कप्तान के तौर पर शुरुआती सात T20I मैचों में कोई जीत हासिल नहीं करने वाले चौथे क्रिकेटर हैं। इसके अलावा, अय्यर के नाम एक और अनचाहा रिकॉर्ड हो गया। भारत ने पहली बार एक T20I सीरीज या टूर्नामेंट में 4 मैच गंवाए।