Shreyas Iyer Runs In England T20I Series: कप्तान श्रेयस अय्यर ने इंग्लैंड टी20 सीरीज में भारत के लिए सर्वाधिक रन बनाए। हालांकि, भारत सीरीज में एक भी मैच जीतने में नाकाम रहा।
श्रेयस अय्यर बतौर भारतीय कप्तान जीत को तरस गए हैं। भारतीय टी20 टीम का आयरलैंड के बाद इंग्लैंड में भी सूपड़ा साफ हो गया। इंग्लैंड ने पांच मैचों की सीरीज 4-0 से जीती। यहां एक मुकाबला बारिश में धुल गया था। भारत ने पहली बार एक T20I सीरीज या टूर्नामेंट में 4 मैच गंवाए। श्रेयस को कप्तान के रूप में भले ही निराशा हाथ लगी लेकिन वह इंग्लैंड में बल्ले से भारत के ‘हीरो’ रहे। उन्होंने सीरीज में भारत के लिए सर्वाधिक रन बनाए। श्रेयस ने पांच मैचों में 54.50 के औसत और 157.97 के स्ट्राइक रेट से 218 रन बटोरे। उनके बल्ले से दो पचास प्लस पारियां निकलीं। उन्होंने पहले टी20 में 68 और चौथे मैच में नाबाद 80 रन बनाए थे। श्रेयस ने साउथेम्प्टन में आयोजित पांचवें टी20 में 16 गेंदों में 28 रन जुटाए। भारत को साउथेम्प्टन में 56 रनों से हार का मुंह देखना पड़ा।
श्रेयस नहीं तोड़ पाए सूर्या का रिकॉर्ड
हालांकि, श्रेयस बल्ले से’हीरो’ बनने के बावजूद सूर्यकुमार यादव का एक रिकॉर्ड तोड़ने से महज 25 रन से चूक गए। सूर्या के नाम बतौर भारतीय कप्तान एक टी20 इंटरनेशनल सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड है। उन्होंने साल 2026 की शुरुआत में न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में 242 रन बनाए थे। विराट कोहली दूसरे नंबर पर हैं। कोहली ने कप्तान के रूप में 2021 में इंग्लैंड के विरुद्ध टी20 सीरीज में 231 रन जोड़े थे। श्रेयस लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं। बता दें कि श्रेयस को सूर्यकुमार की जगह कप्तानी सौंपी गई थी। सूर्या के नेतृत्व में भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 अपने नाम किया था। भारत को टी20 वर्ल्ड कप के बाद से सबसे छोटे फॉर्मेट में कोई जीत नहीं मिली है। श्रेयस फुल मेंबर टीम के कप्तान के तौर पर शुरुआती सात T20I मैचों में कोई जीत हासिल नहीं करने वाले चौथे प्लेयर बन गए हैं।
एक T20I सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय कप्तान
242 – सूर्यकुमार यादव बनाम न्यूजीलैंड, 2026)
231 – विराट कोहली बनाम इंग्लैंड, 2021)
218 – श्रेयस अय्यर बनाम इंग्लैंड, 2026)
181 – विराट कोहली बनाम वेस्टइंडीज, 2019)
170 – शुभमन गिल बनाम जिम्बाब्वे, 2024)
साउथेम्प्टन में खड़ा हुआ विशाल स्कोर
साउथेम्प्टन टी20 की बात करें इंग्लैंड ने जोस बटलर (64 गेंदों में 131) के शतक और कप्तान हैरी ब्रूक (45 गेंदों में नाबाद 95) की दमदार पारी की बदौलत 253/7 का स्कोर खड़ा किया। विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने इस दौरे के सभी सात टी20 मुकाबलों में अपनी सबसे अच्छी बल्लेबाजी जरूर की, लेकिन जीत के लिए यह प्रयास काफी नहीं था। भारत की पारी 20 ओवर में आठ विकेट पर 201 रन तक ही पहुंच सकी। ईशान किशन ने 35 गेंदों में 56 रन और आलोचनाओं का सामना कर रहे तिलक वर्मा ने 25 गेंदों में 53 रन बनाए।