‘सदर अस्पताल में रेफर करने का खेल होगा बंद’, सर्पदंश से महिला की मौत के बाद मंत्री ने दिए सख्त निर्देश


संवाद सहयोगी /पंचायत सूत्र, पिपराही / दोस्तियां।  दोस्तियां चौक निवासी सर्पदंश से आक्रांत अनिता देवी की चिकित्सक और कर्मियों की लापरवाही से मौत मामले ने समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने नाराजगी व्यक्त की है। साथ ही जिलाधिकारी को सदर अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने के निर्देश दिए है। 

मंत्री ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि सदर अस्पताल में रेफर करने की परंपरा पर रोक लगेगी। वहीं बेपरवाह चिकित्सक और कर्मी हटाए जाएंगे। आम जनता की जिंदगी से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होगा।

वैक्सीन का अभाव बताकर रेफर किया

मंत्री डॉ. गुप्ता मंगलवार को दोस्तियां गांव पहुंची थी। इस दौरान वह आमोद यादव के घर पहुंची। दो दिन पूर्व आमोद की पत्नीअनिता देवी सर्पदंश से आक्रांत हुई थी। स्वजन उन्हें लेकर सदर अस्पताल पहुंचे थे। इस दौरान उन्हें इलाज के लिए डेढ़ घंटे तक इंतजार कराया गया। जब स्थिति बिगड़ने लगी तो वैक्सीन का अभाव बताकर रेफर कर दिया गया। 

इलाज के लिए ले जाने के क्रम में उसकी मौत हो गई। इसकी मिली सूचना के बाद मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने आमोद यादव के घर पहुंचकर स्वजनों का दर्द बांटा। 

ऑपरेटर एवं कर्मियों के द्वारा इलाज किया गया

इस दौरान मृतक के स्वजनों ने मंत्री को बताया कि सदर अस्पताल में ऑपरेटर एवं कर्मियों के द्वारा इलाज किया गया। साथ ही अभद्र व्यवहार किया गया। मीडिया के साथ बातचीत में मामले की जांच कराने की बात कही।

मंत्री ने अंचलाधिकारी पिपराही को आपदा राहत कोष के तहत आर्थिक मदद शीघ्र देने को निर्देशित किया। मौके पर लोजपा रामविलास के जिलाध्यक्ष विजय पांडे, सामाजिक कार्यकर्ता संतोष सोनी, दोस्तियां पंचायत की मुखिया सुनैना देवी, मुखिया प्रतिनिधि सुनील कुमार गुप्ता, पिपराही सीओ तरूलता उपस्थित रही। उधर, दोस्तियां गांव पहुंची समाज कल्याण मंत्री डा. श्वेता गुप्ता का मुखिया सुनैना देवी एवं सामाजिक कार्यकर्ता सुनील कुमार शाल व पुष्प देकर सम्मानित किया।



Leave a Comment