सबसे ज्यादा लाशें टॉयलेट में मिलीं, पब में आग से 27 लोग मरे; डरावना था मंजर, International Hindi News


बैंकॉक के एक पब में भीषण आग लग गई है, जिसमें 27 लोगों की जलकर और दम घुटकर मौत हो गई। वहीं, 63 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खबर है कि इनमें से 22 लोगों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। आग की वजह की जांच जारी है।

थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के एक पब में रविवार देर रात भीषण आग लग गई है। थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने दुर्घटना स्थल पर संवाददाताओं को बताया कि इस हादसे में 27 लोगों की मौत हो गई है और कई अन्य को अस्पताल ले जाया गया है। उन्होंने कहा कि आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

बचावकर्मियों ने बताया कि आग लगने की सूचना आधी रात के आसपास मिली। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में बैंकॉक के उत्तरी हिस्से में स्थित पब के मुख्य दरवाजे से आग की लपटें निकलती दिख रही हैं और लोग जान बचाने के लिए भागते दिखाई दे रहे हैं, जबकि आसमान में काले धुएं का गुबार उठ रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अब भी बड़ी संख्या में लोग गायब हैं।

खबर है कि रात करीब 11 बजकर 57 मिनट पर हुए इस हादसे में 63 लोग घायल हुए हैं और उनका अस्पताल में इलाज जारी है। वहीं, 22 की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद तुरंत हरकत में आए दमकल कर्मियों ने आधे घंटे में ही आग पर काबू पा लिया था। आग की शुरुआत स्टेज एरिया के पास बताई जा रही है।

कैसे लगी आग

बीबीसी के अनुसार, प्रधानमंत्री ने बताया है कि उन्होंने आग लगने से परफॉर्म कर रहे एक संगीतकार से बात की थी। उन्होंने बताया, ‘उसने बताया कि कल आउट स्विच के पास आग लगी थी और उसके बाद घटनाक्रम तेजी से हुए। धमाके हो रहे थे और सभी लोग धुएं और लपटों से दूर भाग रहे थे।’

उन्होंने आगे कहा, ‘कई लोग इसलिए भी नहीं बच पाए, क्योंकि वो बाहर नहीं निकल पाए। इसकी वजह थी कि वो बिल्डिंग के पीछे चले गए थे और धुएं और लपटों से बचने के लिए टॉयलेट में छिपने की कोशिश कर रहे थे और वहीं हमें सबसे ज्यादा शव मिले है।’

खबरें हैं कि यह घटना Rong Beer Na Lat Phrao बार में हुई है। यह बैंकॉक के चाटुचाक डिस्ट्रिक्ट में है। रिपोर्ट के अनुसार, आग पर काबू पाए जाने के बाद बार के बाहर बड़ी संख्या में बॉडी बैग्स रखे थे। वहीं, अंदर का पूरा फर्नीचर, दीवारें और सीलिंग काले हो गए थे और टूटकर गिर रहे थे। फिलहाल, इस हादसे की जांच जारी है।

जांच में क्या पता चला

शुरुआती जांच में पता चला है कि पब में दो इमरजेंसी एग्जिट थे। इनमें से एक किचन के पास से गुजरता है। अब इस बात की जांच हो रही है कि क्या इन रास्तों पर जरूरी सुरक्षा का ध्यान रखा गया था। वहीं, प्रशासन पब के परमिट की समीक्षा करने की तैयारी कर रहा है।

चश्मदीद टैक्सी ड्राइवर सुरीन जयहार्न ने कहा कि आग की लपटें बार के दरवाजे से सड़क की ओर आ रही थीं। उन्होंने बचकर निकलने में करीब 5 लोगों की मदद की। ड्राइवर ने कहा कि उन्होंने आग की लपटों को बुझाने के लिए कपड़े का इस्तेमाल किया। जबकि, एक अन्य ड्राइवर एक महिला को खतरे से दूर लेकर गया।



Leave a Comment