सातवीं के छात्र की हार्ट अटैक से माैत:स्कूल में बच्चों संग खेल रहा था दीपक, अचानक लड़खड़ाकर जमीन पर गिर पड़ा – Seventh-grade Student Died Of Heart Attack At School In Firozabad


फिरोजाबाद के थाना बसई मोहम्मदपुर क्षेत्र स्थित उच्च प्राथमिकी विद्यालय, चंदवार के 7वीं के छात्र दीपक (12) की शुक्रवार दोपहर हार्ट अटैक से मौत हो गई। परिजन ने दूषित मिड-डे-मिल (एमडीएम) खाने से मौत होने का आरोप लगाया। बीएसए सहित पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और एमडीएम के सैंपल लिए। साथ ही दावा किया कि छात्र ने एमडीएम खाया ही नहीं था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम कराया, जिसमें हार्ट अटैक से मौत की पुष्टि हुई।


बसई मोहम्मदपुर के गढ़ी तिवारी इलाके के निवासी सुभाष चूड़ी छटाई का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनका 12 वर्षीय पुत्र दीपक विद्यालय में पढ़ने गया था। दोपहर में उसका चचेरा भाई कन्हैया दुकान से राशन लेने जा रहा था और वह दीपक के परिवार का भी राशन कार्ड लेकर आया था। वह स्कूल में दीपक को बुलाने गया था ताकि राशन की दुकान पर अंगूठा लगवाया जा सके। कन्हैया के बुलावे पर स्कूल में कैरम खेल रहा दीपक जैसे ही कक्षा से अपना बैग लेकर स्कूल के मुख्य गेट तक पहुंचा, अचानक लड़खड़ाकर जमीन पर गिर पड़ा। उसे तड़पता देख स्टाफ और चचेरा भाई ट्रॉमा सेंटर लेकर गए। वहां डॉक्टरों ने ईसीजी करने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक दीपक दो भाइयों और तीन बहनों में तीसरे नंबर पर था।

 



Leave a Comment