सीएम भजनलाल बोले- हमारी सरकार घोषणा नहीं, काम करती है, भरतपुर-डीग को 1186 करोड़ की विकास सौगात


CM Bhajanlal Sharma

खेरली गूजर में आयोजित कार्यक्रम में सीएम शर्मा व अन्य अतिथि (ETV Bharat Bharatpur)

भरतपुर: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को भरतपुर जिले के खेरली गूजर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में भरतपुर और डीग जिले के लिए 1186 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात दी. कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने भरतपुर जिले में 224.79 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया, जबकि प्रदेशभर में शिक्षा विभाग के 685 करोड़ रुपए लागत के 2185 कार्यों का शिलान्यास भी किया गया. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने दृष्टिबाधित बच्चों को टैबलेट वितरित किए, शिक्षकों का सम्मान किया और विद्यार्थियों से संवाद भी किया.

वैर क्षेत्र के गांव खेड़ली गूजर में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल ने कहा कि सरकार लगातार युवाओं, किसानों, विद्यार्थियों और आमजन के हित में काम कर रही है. बजट घोषणा के अनुरूप कक्षा 1 से 8 तक के 40 लाख विद्यार्थियों को निशुल्क यूनिफॉर्म वितरण की शुरुआत भी आज से कर दी गई है. साथ ही गतिविधि आधारित शैक्षणिक कैलेंडर का भी शुभारंभ किया गया. उन्होंने बताया कि प्रदेशभर में 685 करोड़ रुपए की लागत से 2185 शिक्षा संबंधी कार्यों का शिलान्यास किया गया है.

पढ़ें: रोडवेज के बेड़े में शामिल हुईं 144 नई बसें, सीएम ने दिखाई हरी झंडी, बोले हमने घाटे से उबारा

जिले में 224.79 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण

  • पशुपालन विभाग के निर्माण कार्य – 12 करोड़ रुपए
  • राजकीय महिला आईटीआई कॉलेज – 8.21 करोड़ रुपए
  • बयाना बस स्टैंड – 1 करोड़ रुपए
  • 33/11 केवी सब स्टेशन, जाटौली रथवान – 2 करोड़ रुपए
  • जघीना गेट से अनाह गेट तथा अनाह गेट से गणेश मंदिर तक ड्रेन बॉक्स के दोनों ओर सीसी सड़क – 7.88 करोड़ रुपए
  • भरतपुर शहर में विभिन्न सड़क निर्माण कार्य – 96.60 करोड़ रुपए
  • शहर के नालों एवं नहरों का जीर्णोद्धार – 41.55 करोड़
  • मोतीमहल से बछामदी तक मुख्य ड्रेन का जीर्णोद्धार – 12.72 करोड़
  • बंध बरैठा से उच्चैन वाया खेरिया मोड़ तक सड़क चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण – 146.09 करोड़
  • प्रताप नहर, वैर की मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण – 14.18 करोड़
  • भरतपुर शहर में विभिन्न क्षेत्रों में विद्युत लाइनों का भूमिगतकरण – 76 करोड़
  • नगर विकास न्यास की योजनाओं में भूमिगत विद्युतीकरण – 70.78 करोड़
  • शीशम तिराहे से हीरालाल एवं सरसों अनुसंधान केंद्र तक छह लेन सड़क एवं ड्रेन निर्माण – 66.56 करोड़ रुपए

शिक्षा क्षेत्र को भी बड़ी सौगात: कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने बताया कि शिक्षा विभाग के तहत करीब 68 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया है. खेड़ली गूजर में 37 करोड़ की लागत से राजकीय बालिका सैनिक विद्यालय और डाइट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के निर्माण पर लगभग 58.18 करोड़ की लागत आई है. कुल मिलाकर 67.93 करोड़ के कार्यों का शिलान्यास तथा 11.07 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण किया गया.

यह भी पढ़ें: कानून-व्यवस्था पर सख्त सरकार: दो आरपीएस और एक जेल अधिकारी पर कार्रवाई, दोषी चिकित्सा अधिकारी बर्खास्त

भरतपुर-डीग की हर विधानसभा में विकास: मुख्यमंत्री भजनलाल ने कहा कि भरतपुर और डीग जिले की प्रत्येक विधानसभा को विकास कार्यों की सौगात दी गई है. उन्होंने बताया कि भरतपुर में नेचुरोपैथी कॉलेज का लोकार्पण, 17 करोड़ रुपये की लागत से क्षेत्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला भवन, वैर में 10.50 करोड़ रुपये का नया आईटी भवन, लोहागढ़ स्टेडियम में 10 करोड़ रुपए की लागत से विवेकानंद यूथ हॉस्टल, 11.50 करोड़ रुपए की लागत से 33 केवी सब स्टेशन, आरबीएम अस्पताल के पास विश्राम गृह सहित अनेक विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया. वहीं डीग जिले में लगभग 125 करोड़ रुपए की लागत से छात्रावास, बस स्टैंड, विद्यालय भवन, पशु चिकित्सालय सहित कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया.

सरकार की उपलब्धियां गिनाईं: मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने किसानों को बिजली बिलों में 61 हजार करोड़ रुपये का अनुदान दिया है. प्रदेश के 26 जिलों में दिन में बिजली आपूर्ति का वादा पूरा किया जा चुका है और वर्ष 2027 तक सभी जिलों में दिन में बिजली उपलब्ध कराने का लक्ष्य पूरा कर लिया जाएगा. उन्होंने कहा कि सरकार अब तक 1.78 लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र दे चुकी है, जबकि 1.30 लाख भर्तियां प्रक्रियाधीन हैं. इस प्रकार लगभग 3.80 लाख सरकारी नौकरियों की प्रक्रिया पूरी की जा रही है.

इसके अलावा साढ़े चार लाख युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराया गया है. मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले युवाओं के सपनों को पेपर लीक से कुचला जाता था, लेकिन पिछले ढाई वर्षों में 400 से अधिक परीक्षाएं पूरी पारदर्शिता से आयोजित हुईं और एक भी पेपर लीक नहीं हुआ. उन्होंने कहा कि पेपर लीक से जुड़े करीब 575 आरोपियों को जेल भेजा गया है.

वैर विधायक ने रखीं क्षेत्र की प्रमुख मांगें: कार्यक्रम में वैर विधायक बहादुर सिंह कोली ने वैर को पर्यटन स्थल घोषित करने, भुसावर की गौशाला को क्षेत्रीय विकास योजना में शामिल करने, भुसावर में फूड प्रोसेसिंग पार्क स्थापित करने सहित कई मांगें मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं. वहीं मुख्यमंत्री ने भुसावर को ब्रज बोर्ड में शामिल करने की घोषणा भी की.

मिशन पढ़ो राजस्थान का शुभारंभ: इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘मिशन पढ़ो राजस्थान’ के अंतर्गत रीडिंग प्रमोशन कैम्पेन का शुभारंभ, निपुण कैलेंडर का विमोचन, दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को टैबलेट का वितरण एवं शिक्षकों का सम्मान भी किया. इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने बालिका सैनिक स्कूल का भूमि पूजन एवं पौधारोपण किया. इस दौरान शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम सहित विधायकगण व अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे.



Leave a Comment