दिग्गज स्पिनर आर. अश्विन ने टी20 टीम से ड्रॉप हुए सूर्यकुमार यादव का समर्थन करते हुए कहा है कि सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी और आईपीएल में शानदार प्रदर्शन के दम पर वे एक बल्लेबाज के रूप में वापसी कर सकते हैं। सूर्या की कप्तानी में भारत ने 2026 का टी20 वर्ल्ड कप जीता था, लेकिन फॉर्म गिरने के कारण श्रेयस अय्यर को कप्तान बना दिया गया।

अश्विन ने क्या कहा?
अपने यूट्यूब चैनल ऐश की बात पर बात करते हुए अश्विन ने कहा कि सूर्यकुमार घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में दमदार प्रदर्शन के दम पर टीम में वापसी की राह खोज सकते हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि जिस अंदाज में सूर्या को टीम से बाहर का रास्ता दिखाया गया, उसे देखते हुए उनकी वापसी की राह बेहद अनिश्चित नजर आती है। अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ‘वह अब कहां खेलेंगे? अगर वे सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बेहतरीन फॉर्म दिखाते हैं, तो वे निश्चित रूप से वापसी कर सकते हैं, क्यों नहीं? फिलहाल कप्तानी में उनकी वापसी मुश्किल है, लेकिन उन्हें एक शुद्ध बल्लेबाज के रूप में वापसी की कोशिश करनी चाहिए। उनके पास अब दो बड़े मंच हैं। उन्हें पहले सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में और फिर आईपीएल में असाधारण प्रदर्शन करना होगा। हम किसी भी खिलाड़ी के लिए दरवाजे पूरी तरह बंद नहीं कर सकते। लेकिन हां, जिस तरह से उन्हें अचानक टीम से हटाया गया है, उसे देखते हुए मुझे उनकी वापसी पर थोड़ा संदेह जरूर है।’
भारतीय टीम में अब भी है सूर्या की जगह
क्रिकेट पंडितों का भी मानना है कि मौजूदा भारतीय टी20 प्लेइंग-11 में सूर्यकुमार यादव के लिए एक आदर्श जगह खाली है। हाल ही में इंग्लैंड और आयरलैंड के दौरों पर भारतीय टीम की सबसे बड़ी कमजोरी बल्लेबाजों का स्पिनरों के खिलाफ संघर्ष करना और बैटिंग ऑर्डर में जरूरत से ज्यादा बाएं हाथ के बल्लेबाजों का होना रही है। मुंबई इंडियंस के उप-कप्तान सूर्यकुमार यादव तकनीकी रूप से इन दोनों ही समस्याओं को चुटकियों में हल करने की क्षमता रखते हैं।
लेकिन जैसा कि अश्विन ने स्पष्ट किया, सूर्यकुमार को चयनकर्ताओं को अपने फैसले पर दोबारा विचार करने के लिए मजबूर करने के लिए घरेलू सर्किट या आईपीएल में कुछ बेहद असाधारण पारियां खेलनी होंगी। इसके अलावा, चूंकि नए कप्तान श्रेयस अय्यर ने ही टीम में सूर्या की जगह ली है, इसलिए सूर्यकुमार के लिए टीम में वापसी करना एक सीधा अदला-बदली जैसा आसान काम नहीं होगा। उन्हें खुद को इस तरह साबित करना होगा कि वे नंबर 3 या फिर नंबर 5 की पोजीशन पर फिट बैठ सकें।
