सोशल मीडिया पर गंदा खेल, कानपुर में इंस्टाग्राम पर चाइल्ड पोर्नोग्राफी बेचने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार


Photo Credit: ETV Bharat

कानपुर में ‘सीवाई वज्र’ योजना के तहत दबोचे गए साइबर अपराधी. (Photo Credit: ETV Bharat)

कानपुर: शहर की कमिश्नरेट पुलिस ने तीन ऐसे आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो इंस्टाग्राम पर चाइल्ड पोर्नोग्राफी से संबंधित वीडियो अपलोड कर सालों से उन्हें बेच रहे थे. पुलिस टीम को नेशनल साइबर रिपोर्टिंग पोर्टल से संबंधित नेशनल सेंटर फॉर मिसिंग एंड एक्सप्लॉयटेड चिल्ड्रेन के तहत एक महत्वपूर्ण टिप लाइन मिली थी.

यह टिप लाइन एक ऐसे संदिग्ध इंस्टाग्राम एकाउंट से जुड़ी थी, जिसकी सघन पड़ताल करने के बाद पुलिस को तीन आरोपियों के मोबाइल नंबर और उनके आपस के कनेक्शन मिल गए. एडीसीपी पूर्वी शिवा सिंह ने बताया कि जो इंस्टाग्राम एकाउंट पर मोबाइल नंबर दर्ज था, वह मुख्य आरोपी मो. उवैश का था.

अपर पुलिस उपायुक्त पूर्वी शिवा सिंह. (Video Credit: ETV Bharat)

सिम कार्ड बदलकर चला रहे थे अश्लील रैकेट: जब मुख्य आरोपी उवैश से पुलिस ने पूछताछ की, तो सामने आया कि दो साल पहले उसने अपने परिचित सैय्यद शारान से मोबाइल का सिम लिया था. फिर जब पुलिस ने सैय्यद शारान को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उसने अपने तीसरे दोस्त आकिब खान का नाम उजागर किया. पुलिस के सख्त रवैये के बाद इन तीनों आरोपियों ने अपना जुर्म पूरी तरह से स्वीकार कर लिया है. ये आरोपी सोशल मीडिया पर मार्केटिंग करके लोगों को अश्लील वीडियो सेंड करते थे और उसके एवज में मोटी रकम वसूलते थे.

‘सीवाई वज्र’ योजना के तहत कार्रवाई: पुलिस ने तीनों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया है. एडीसीपी पूर्वी ने बताया कि यहकार्रवाई ‘साइबर वज्र’ अभियान के तहत की गई. इसके साथ ही पुलिस टीम को इस तरह के कई अन्य संदिग्ध सोशल मीडिया एकाउंट्स की भी अहम जानकारी मिली है. पुलिस द्वारा वर्तमान में इन सभी संदिग्ध एकाउंट्स के खिलाफ तकनीकी साक्ष्य इकट्ठा किए जा रहे हैं.

साइबर सुरक्षा के लिए जरूरी सलाह: पुख्ता साक्ष्यों के आधार पर ही आने वाले दिनों में अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा. इस घटना के बाद पुलिस ने आमजन से बेहद खास और जरूरी अपील की है. उन्होंने लोगों से कहा कि वे अपने किसी भी सोशल मीडिया एकाउंट का पासवर्ड किसी बाहरी व्यक्ति से साझा न करें. इसके साथ ही साइबर सुरक्षा के लिहाज से अपने सभी सोशल मीडिया हैंडल्स की प्राइवेसी को हमेशा लॉक करके रखें.

यह भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी में नदी में नहाते समय 12 वर्षीय किशोर को खींच ले गया मगरमच्छ, 24 घंटे बाद भी नहीं मिला सुराग



Leave a Comment