जोधपुर में IAS अधिकारी बनकर स्कूल और कोचिंग स्टूडेंट्स को सरकारी नौकरी और एग्जाम में नंबर बढ़वाना का झांसा देने वाले एक शख्स पकड़ा गया है। पुलिस ने आरोपी उम्मेदाराम को गिरफ्तार कर लिया है।

जोधपुर पुलिस ने किया गिरफ्तार
जोधपुर पुलिस ने खुद को IAS अधिकारी बताकर नाबालिग छात्राओं को सरकारी नौकरी का झांसा देने और उनके साथ दुष्कर्म करने के आरोप में एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ अब तक तीन प्रकरण दर्ज हो चुके हैं।
पीड़िता का कहना- सरकारी नौकरी का झांसा देकर किया दुष्कर्म
पुलिस के अनुसार पीड़िता ने 26 जुलाई को रिपोर्ट दर्ज करवाते हुए बताया कि वर्ष 2024 में एक अज्ञात नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने स्वयं को IAS अधिकारी बताते हुए बोर्ड परीक्षा में नंबर बढ़वाने और सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा दिया। इसके बाद आरोपी ने लगातार संपर्क कर मिलने के लिए दबाव बनाया। पीड़िता का कहना है कि जब वो उसने मिलने पहुंची तो होटल ले जाकर नशीला पदार्थ पिलाकर आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
स्कूल और कोचिंग स्टूडेंट्स को करता था टारगेट
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्तालय जोधपुर पूर्व के निर्देश पर रतनाड़ा थाना पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी फर्जी नाम और पहचान का इस्तेमाल कर स्कूल और कोचिंग में पढ़ने वाली छात्राओं को निशाना बनाता था। वह सरकारी नौकरी, प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने और एयर होस्टेस बनाने का झांसा देकर युवतियों को होटल या किराए के कमरे पर बुलाता और उनके साथ दुष्कर्म करता था।
आरोपी उम्मेदाराम से पुलिस कर रही है पूछताछ
पुलिस ने आरोपी उम्मेदाराम (47) निवासी फलौदी हाल किरायेदार, अजीत कॉलोनी, रातानाड़ा क्षेत्र को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है। साथ ही पुलिस अन्य संभावित पीड़िताओं और संबंधित पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।
रिपोर्ट: गिरिश दाधीच
