स्ट्रेट ऑफ होर्मुज: ईरान के हमले में भारतीय क्रू मेंबर की मौत.


Last Updated:

Indian Crew Member Killed In Irani Attack: ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में यूएई के दो तेल टैंकरों पर क्रूज मिसाइलों से हमला किया है. इसमें एक भारतीय क्रू मेंबर की मौत हो गई है, जबकि 6 भारतीय क्रू मेंबर घायल है. इस बीच होर्मुज पर कंट्रोल के लिए अमेरिका ने भी ईरान के ठिकानों पर हमले तेज किए हैं.

होर्मुज में 2 और टैंकरों पर हमला, भारतीय क्रू मेंबर की मौत, 8 की हालत गंभीरZoom

ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में दो तेल टैंकरों पर हमला किया है. इसमें एक भारतीय नाविक की मौत हो गई है. फोटो- रायटर

Indian Crew Member Killed In Irani Attack: ईरान और अमेरिका के बीच स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में खूनी  खेल चल रहा है. ताजा अपडेट यह है कि ईरान ने फिर से दो तेल टैंकरों पर हमला बोला है. इस हमले में एक भारतीय क्रू मेंबर की मौत हो गई है. जबकि आठ अन्य घायल बताए जा रहे हैं. घायल क्रू मेंबर्स में छह भारतीय और दो यूक्रेनी नागरिक बताए जा रहे हैं. इनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है. इस बीच अमेरिका भी स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर अपना दबाव बढ़ाने के लिए लगातार हमले कर रहा है. दो दिन पहले भी भारतीय नाविकों वाले एक जहाज पर हमला हुआ था. उसमें भी एक भारतीय नाविक तापता हो गए थे. जबकि 10 अन्य ने समंदर में छलांग लगाकर अपनी जान बचाई थी.

तेल टैंकरों पर हमला स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के ओमान के नियंत्रण वाले हिस्से में हुआ. ये टैंकर संयुक्त अरब अमीरात के थे. यूएई के रक्षा मंत्रालय ने इन हमलों की पुष्टि की है. इस हमले में एक क्रू मेंबर की मौत हुई. यूएई के टैंकरों पर भारतीय नाविक तैनात थे.

यूएई के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक राष्ट्रीय तेल टैंकर ‘मोम्बासा’ और ‘अल बहियाह’ को ईरान की दो क्रूज मिसाइलों ने निशाना बनाया. हमला ओमान के समुद्री क्षेत्र में स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के दक्षिणी हिस्से में हुआ. मिसाइल लगते ही दोनों टैंकरों में आग लग गई. आग से जहाजों को काफी नुकसान पहुंचा. हालांकि बाद में आग पर काबू पा लिया गया. दोनों टैंकर फिलहाल सुरक्षित स्थान पर ले जाए गए हैं.

मंत्रालय ने बताया कि ‘मोम्बासा’ पर तैनात एक भारतीय क्रू मेंबर की जान चली गई. सभी घायलों का इलाज कराया जा रहा है. मृत भारतीय नाविक की पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है. यूएई ने इस हमले को बेहद गंभीर माना है. रक्षा मंत्रालय ने कहा कि देश अपनी सुरक्षा से कोई समझौता नहीं करेगा. सरकार ने साफ कहा है कि उसे इस हमले का जवाब देने का पूरा अधिकार है. साथ ही अपने नागरिकों, क्षेत्र और समुद्री हितों की रक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाए जाएंगे.

अमेरिका ने तेज किए हमले

दूसरी तरफ अमेरिका ने भी ईरान के खिलाफ हमले और तेज कर दिए हैं. अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निर्देश पर ईरान के कई ठिकानों को निशाना बनाया गया है. इसके कुछ देर बाद ईरानी मीडिया ने बंदर अब्बास, किश, केश्म और अबू मूसा द्वीप पर धमाकों की खबर दी. इन इलाकों में जोरदार विस्फोट सुनाई दिए.

डोनाल्ड ट्रंप ने हमलों से पहले ही संकेत दे दिए थे. उन्होंने एक रेडियो इंटरव्यू में कहा था कि अमेरिका ईरान पर बहुत जोरदार हमला करेगा. इसके बाद अमेरिकी सेना ने नई कार्रवाई शुरू कर दी. अमेरिका ने यह भी ऐलान किया है कि वह ईरानी बंदरगाहों से आने-जाने वाले जहाजों की नौसैनिक घेराबंदी फिर से शुरू करेगा. यह घेराबंदी मंगलवार शाम अमेरिकी समय के मुताबिक लागू की जाएगी.

About the Author

authorimg

संतोष कुमार

न्यूज18 हिंदी में बतौर एसोसिएट एडिटर कार्यरत. मीडिया में करीब दो दशक का अनुभव. दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, आईएएनएस, बीबीसी, अमर उजाला, जी समूह सहित कई अन्य संस्थानों में कार्य करने का मौका मिला. माखनलाल यूनिवर्स…और पढ़ें



Leave a Comment