उत्तरी अमेरिका के बहामास में एक विमान दुर्घटना में सभी 10 लोगों की मौत हो गई। यहां एक छोटा विमान दुर्घटना का शिकार हो गया। एक दिन पहले एक अन्य विमान में भी गड़बड़ी सामने आने के बाद उसे वापस लैंड करवाया गया था। यात्रियों के उतरने के बाद इसमें आग लग गई थी।
उत्तरी अमेरिका के कैरिबाई देश बहामास में एक विमान हादसे में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक सरकार ने दुर्घटना के बाद एयर फ्लैमिंगो के सभी विमानों का संचालन रोकने का फैसला किया है। राजधानी नसाउ के उत्तर में एंड्रोज इलाके के समंदर में यह हादसा हुआ है। शुरुआत में बहामास के प्रधानमंत्री फिलिप ब्रेव डेविस ने कहा था कि क्रैश के बाद एक शख्स की जान बच गई है। हालांकि बाद में बता चला कि उसे गंभीर चोटें आई थीं और उसकी भी मौत हो गई।
स्वतंत्रता दिवस मना रहा था बहामास
रिपोर्ट के मुताबिक यह एयर फ्लैमिंगो का एक छोटा विमान था। बहामास में 53 स्वतंत्रता दिवस मनाया जा रहा था। तभी दुर्घटना की खबर आई और मातम पसर गया। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस खुशी के मौके पर बेहद दुखद खबर सामने आई है। कई लोग अपने परिवार के पास अब कभी नहीं लौट पाएंगे। जांच अधिकारियों ने कहा कि यह विमान लिंडन पिंडलिंग इंटरनेशनल एयरपोर्ट से रवाना हुआ था और सैन ऐंड्रोस तक ही जा रहा था। एयरपोर्ट पर पहुंचने से थोड़ा पहले ही यह दुर्घटना का शिकार हो गया।
बहामास की सरकार का कहना है कि दुर्घटना का पता लगने तक एहतियात के तौर पर फ्लैमिंगो एयर का सर्टिफिकेट सस्पेंड किया जा रहा है। सरकार ने कहा कि फ्लैमिंगो एयर के विमान में पहले भी दिक्कत आई थी। इसके बाद मयागुआना जा रहे विमान को वापस लौटना पड़ा था। यात्रियों के उतरने के बाद विमान में आग लग गई थी। इस घटना की भी जांच चल रही है।
चीन में भी विमान हादसे में कमांडर की मौत
चीन में पिछले महीने प्रशिक्षण अभ्यास के दौरान एक वरिष्ठ कमांडर सहित दो सैन्य पायलटों की मौत हो गई। खबरों के माध्यम से शुक्रवार को यह जानकारी मिली। चीन आमतौर पर सैन्य कर्मियों की मौत की जानकारी सार्वजनिक नहीं करता और उसने इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान भी जारी नहीं किया है।
हांगकांग के समाचार पत्र ‘साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट’ ने क्षेत्रीय सरकारी सूचनाओं और स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के हवाले से कहा कि यह स्पष्ट नहीं है कि दोनों पायलटों की मौत एक ही दुर्घटना में हुई या अलग-अलग घटनाओं में। रिपोर्ट के अनुसार, मृतकों में शामिल 38 वर्षीय फांग मिंग वरिष्ठ कर्नल थे और पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के दक्षिणी थिएटर कमान की नौसेना विमानन इकाई में कमांडर के रूप में तैनात थे।
रिपोर्ट में कहा गया है कि 25 वर्षीय शी शाओयोंग की भी 10 जून को मृत्यु हो गई। वह भी दक्षिणी थिएटर कमान में तैनात थे और पीएलए नौसेना में फर्स्ट लेफ्टिनेंट थे। यह स्पष्ट नहीं है कि दोनों पायलट एक ही विमान में सवार थे या एक ही प्रशिक्षण अभियान का हिस्सा थे।