हर रोज गंजे होकर जिम सर्भ ने किया शूट, मेड इन इंडिया सीरीज में छाए – jim sarbh shaved head xerxes desai role made in india a titan story naseeruddin shah amazon mx player series tmovj


नसीरुद्दीन शाह और जिम सर्भ हाल ही में अमेजॉन एम एक्स प्लेयर की वेब सीरीज मेड इन इंडिया: अ टाइटन स्टोरी में नजर आए. इस छोटी सी सीरीज को काफी ज्यादा पसंद भी किया जा रहा है. इसकी वजह शो की दमदार कहानी है, जो भारत में बनने वाली टाइटन कंपनी की घड़ियों के इतिहास को बताती है. 

सीरीज में नसीरुद्दीन शाह जे आर डी टाटा बने हैं, वहीं जिम सर्भ जरक्सेस देसाई बने हैं जिन्होंने स्वदेश में घड़ी बनाने का सपना पहली बार देखा था. इस सपने को जे आर डी टाटा ने किस तरह हकीकत में बदला, यही इस शो में हमने देखा. दोनों लीड एक्टर्स के काम को लोगों ने सराहा भी. 

कैसे जरक्सेस देसाई बने जिम सर्भ?

हाल ही में एक्टर जिम सर्भ ने पारसी आइकॉन जरक्सेस देसाई बनने की पूरी प्रक्रिया शेयर की. बॉलीवुड बबल से बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि इस रोल के लिए उन्होंने अपने बालों की कुर्बानी दी थी. वो रोज अपने बाल शेव किया करते थे, ताकि जरक्सेस देसाई को कैमरा के सामने फिर से जिंदा कर पाएं. 

जिम सर्भ से जब उनके बाल्ड (गंजे) लुक पर सवाल किया गया, तो उन्होंने बताया- वो एकदम असली है. हर रोज मेरे बाल शेव किए जाते थे, मेरी हेयरस्टाइलिस्ट ये काम करती थीं. उन्होंने काफी अच्छे से इसपर काम किया और मुझे इसमें काफी मजा भी आया. हालांकि एक्टर ने ये भी बताया कि उन्हें बाल्ड लुक की वजह से शूटिंग के दौरान थोड़े चैलेंजेस उठाने पड़े. 

जिम सर्भ ने कहा- मेरा सिर काफी गरम हो जाता था. मुझे सीधी धूप से बचाया जाता था, वरना मेरी जलने जैसी हालत बन जाती थी. हमने कई दिनों तक आउटडोर्स में शूटिंग की थी और हमारा शरीर पूरा गर्मी की वजह से लाल पड़ जाता था. वो काफी मुश्किल था. कई बार लाइटिंग टीम को मेरे सिर के ऊपर कपड़ा लगाना पड़ता था ताकि लाइट की चमक मेरे सिर पर ना दिखाई दे. 

जिम सर्भ मेड इन इंडिया सीरीज के अलावा रॉकेट बॉयज के लिए भी पहचाने जाते हैं. उसमें वो होमी भाभा के रोल में नजर आए थे, जो इंडियन स्पेस के इतिहास में बड़ा महत्व रखते हैं. जिम सर्भ ने अभी तक जितने प्रोजेक्ट्स में काम किया है, उसमें उनकी तारीफ ही हुई है. अब वो नसीरुद्दीन शाह के साथ मेड इन इंडिया सीरीज से छा चुके हैं.

—- समाप्त —-


Leave a Comment