HPRCA ने बढ़ाए मेडिकल स्टाफ के पद (FILE@ETVBHARAT)
हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है. हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (HPRCA) ने स्वास्थ्य विभाग और चिकित्सा शिक्षा विभाग से अतिरिक्त पदों की मांग मिलने के बाद मेडिकल लैब टेक्नीशियन ग्रेड-2, ऑपरेशन थिएटर असिस्टेंट (OTA) और रेडियोग्राफर के पदों की संख्या बढ़ा दी है. इसके साथ ही नए पात्र अभ्यर्थियों को आवेदन का मौका देने के लिए आयोग ने ऑनलाइन आवेदन पोर्टल 11 जुलाई सुबह 10 बजे से 25 जुलाई रात 11:59 बजे तक दोबारा खोलने का फैसला किया है.
नए उम्मीदवारों को मिलेगा आवेदन का मौका
एचपीआरसीए के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों ने पहले ही आवेदन कर दिया है, उन्हें दोबारा आवेदन करने की जरूरत नहीं है. पहले जमा किए गए आवेदन पूरी तरह मान्य रहेंगे. यह सुविधा केवल उन नए पात्र उम्मीदवारों के लिए दी गई है, जो पहले किसी कारणवश आवेदन नहीं कर सके थे.
इन पदों की संख्या में हुई बढ़ोतरी
आयोग के अनुसार, पोस्ट कोड-26012 के तहत मेडिकल लैब टेक्नीशियन ग्रेड-2 के पहले 10 पद थे, जिनमें अब 15 अतिरिक्त पद जोड़ दिए गए हैं. वहीं पोस्ट कोड-26008 के तहत ऑपरेशन थिएटर असिस्टेंट (OTA) के 176 पदों में 60 नए पद शामिल किए गए हैं। इसके अलावा पोस्ट कोड-26009 के तहत रेडियोग्राफर के 28 पदों में 30 अतिरिक्त पदों की बढ़ोतरी की गई है. पदों की संख्या बढ़ने से अब अधिक युवाओं को सरकारी सेवा में आने का अवसर मिलेगा.
समय रहते करें आवेदन
डॉ. विक्रम महाजन ने पात्र अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे 25 जुलाई से पहले अपना ऑनलाइन आवेदन अवश्य जमा करें और अंतिम समय का इंतजार न करें. आवेदन करते समय सभी पात्रता शर्तों, जरूरी दस्तावेजों और आयोग की ओर से जारी निर्देशों का सावधानीपूर्वक पालन करने की सलाह भी दी गई है, ताकि आवेदन प्रक्रिया में किसी तरह की त्रुटि न हो.
आयोग का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा. स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा विभाग में बढ़ती जरूरतों को देखते हुए अतिरिक्त पदों को शामिल किया गया है, जिससे अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक मानव संसाधन उपलब्ध कराया जा सके. आयोग ने भरोसा दिलाया है कि सभी पात्र उम्मीदवारों को समान अवसर दिया जाएगा और पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष तरीके से पूरी की जाएगी.
ये भी पढे़ं: KBC में करोड़पति बनाने का झांसा देकर हिमाचल के बुजुर्ग से ₹8.54 लाख की ठगी
ये भी पढे़ं: होटल-रेस्टोरेंट को मेन्यू या बिल में बताना होगा पनीर दूध से बना है या एनालॉग, हाईकोर्ट ने कैटरर्स को जारी के किए आदेश