हिमाचल सचिवालय (ETV Bharat)
हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश सचिवालय में क्लर्क के पदों पर नौकरी का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है. कार्मिक विभाग के अंतर्गत सचिवालय प्रशासनिक सेवाएं-1 में क्लर्क (जॉब ट्रेनी) के 40 पदों को भरने के लिए हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने पात्र उम्मीदवारों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं. इन पदों को पोस्ट कोड-26045 के तहत भरा जाएगा. इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी निर्धारित अवधि के दौरान आयोग की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे.
हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया, “इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन का वेब लिंक 14 अगस्त 2026 को सुबह 10 बजे से खुल जाएगा. आवेदन करने की अंतिम तिथि 11 सितंबर 2026 रात 11:59 बजे तक निर्धारित की गई है. अभ्यर्थियों को इसी समय सीमा के भीतर अपना आवेदन ऑनलाइन जमा करना होगा. अंतिम तिथि के बाद आवेदन प्रक्रिया बंद हो जाएगी”.
आयोग ने भर्ती से संबंधित अधिसूचना अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करवा दी है. अभ्यर्थी आवेदन करने से पहले आयोग की ओर से जारी अधिसूचना को ध्यानपूर्वक पढ़ सकते हैं और पदों के लिए निर्धारित पात्रता तथा अन्य आवश्यक शर्तों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं. आवेदन प्रक्रिया से संबंधित दिशा-निर्देश भी वेबसाइट पर उपलब्ध रहेंगे. क्लर्क (जॉब ट्रेनी) के 40 पदों पर होने वाली यह भर्ती सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे प्रदेश के युवाओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर है. सचिवालय में क्लर्क पद प्रशासनिक कार्यों से जुड़ा होने के कारण इन पदों के लिए बड़ी संख्या में आवेदन आने की संभावना है.
आयोग ने पात्र अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे आवेदन की अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें. ऑनलाइन आवेदन करते समय अभ्यर्थियों को अपनी सभी आवश्यक जानकारी सावधानीपूर्वक दर्ज करनी होगी. आवेदन पत्र जमा करने से पहले भरी गई जानकारी की अच्छी तरह जांच करने की सलाह दी गई है, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि न रहे. भर्ती से संबंधित किसी भी नई सूचना अथवा बदलाव की जानकारी आयोग की वेबसाइट पर ही जारी की जाएगी.
एचपीआरसीए के अनुसार, उम्मीदवार 14 अगस्त सुबह 10 बजे से 11 सितंबर 2026 रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. भर्ती से जुड़ी अधिसूचना, आवेदन लिंक और अन्य विस्तृत जानकारी हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है. आयोग ने अभ्यर्थियों से कहा है कि आवेदन करने से पहले आधिकारिक अधिसूचना का अध्ययन अवश्य करें और उसी के अनुसार आवेदन प्रक्रिया पूरी करें.
ये भी पढ़ें: हिमाचल के सरकारी स्कूलों में अब AI की होगी पढ़ाई, डिजिटल क्लासरूम में स्मार्ट टैबलेट पर पढ़ेंगे छात्र