इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 5 अगस्त 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट के आधिकारिक भर्ती पोर्टल के माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे।
सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट ने जिला न्यायपालिका में विभिन्न ग्रुप-C और ग्रुप-D पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 388 पदों को भरा जाएगा। खास बात यह है कि कुछ पदों के लिए 10वीं पास उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं। भर्ती में क्लर्क, स्टेनोग्राफर ग्रेड-III, ड्राइवर, प्रोसेस सर्वर, चपरासी, अर्दली, चौकीदार और सफाई कर्मचारी समेत कई पद शामिल हैं।
इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 5 अगस्त 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट के आधिकारिक भर्ती पोर्टल के माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। इन पदों पर नियुक्ति नियमित, कॉन्ट्रैक्ट और डेली वेज के आधार पर की जाएगी।
हिमाचल हाई कोर्ट भर्ती 2026: वैकेंसी डिटेल
इस भर्ती में कुल 388 पद हैं। इनमें 271 पद नियमित, 89 पद कॉन्ट्रैक्ट और 28 पद डेली वेज के हैं। पदवार वैकेंसी इस प्रकार है:
कोर्ट मैनेजर (ग्रुप-B): 5 पद
क्लर्क (ग्रुप-C): 141 पद
स्टेनोग्राफर ग्रेड-III (ग्रुप-C): 79 पद
ड्राइवर (ग्रुप-C): 9 पद
प्रोसेस सर्वर (ग्रुप-D): 65 पद
चपरासी/ऑर्डरली/चौकीदार/सफाई कर्मचारी आदि (ग्रुप-D): 89 पद
कौन कर सकता है आवेदन?
अलग-अलग पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता अलग निर्धारित की गई है। कोर्ट मैनेजर पद के लिए उम्मीदवार के पास किसी भी विषय में ग्रेजुएशन के साथ UGC से मान्यता प्राप्त संस्थान से MBA की डिग्री होनी चाहिए। साथ ही संबंधित क्षेत्र में कम से कम तीन साल का अनुभव और कानूनी मामलों व कंप्यूटर एप्लीकेशन का ज्ञान जरूरी है।
स्टेनोग्राफर ग्रेड-III के लिए ग्रेजुएशन की डिग्री मांगी गई है, जबकि क्लर्क पद के लिए 10+2 पास होना जरूरी है। ड्राइवर पद के लिए 10वीं पास उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। वहीं चपरासी, अर्दली, चौकीदार और सफाई कर्मचारी जैसे पदों के लिए 10+2 पास होना आवश्यक है।
आयु सीमा
उम्मीदवार की आयु की गणना 1 जनवरी 2026 के आधार पर की जाएगी। कोर्ट मैनेजर को छोड़कर अन्य पदों के लिए सामान्य और EWS वर्ग के उम्मीदवारों की उम्र 18 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। हिमाचल प्रदेश की आरक्षित श्रेणियों और राज्य सरकार के कर्मचारियों के लिए अधिकतम आयु सीमा 50 वर्ष निर्धारित है। कोर्ट मैनेजर पद के लिए आयु सीमा 25 से 35 वर्ष है।
उम्मीदवारों को हिमाचल प्रदेश की स्थानीय बोलियों, रीति-रिवाजों और परंपराओं की जानकारी भी होनी चाहिए। ग्रुप-C के स्टेनोग्राफर, क्लर्क और ड्राइवर पदों के लिए सामान्य तौर पर हिमाचल प्रदेश स्थित स्कूल या संस्थान से 10वीं, 12वीं या ग्रेजुएशन की पढ़ाई की शर्त रखी गई है। हालांकि, यह शर्त Bona Fide Himachali उम्मीदवारों पर लागू नहीं होगी।
कितना मिलेगा वेतन?
चयनित उम्मीदवारों को पद के अनुसार अलग-अलग वेतन मिलेगा। कोर्ट मैनेजर का पे लेवल-16 और वेतनमान 48,700 से 1,54,300 रुपये तक है। स्टेनोग्राफर ग्रेड-III को 25,600 से 81,200 रुपये, ड्राइवर को 21,300 से 67,800 रुपये और क्लर्क को 20,200 से 64,000 रुपये तक का वेतन मिलेगा। वहीं प्रोसेस सर्वर और चपरासी/ऑर्डरली/चौकीदार/सफाई कर्मचारी जैसे ग्रुप-D पदों का वेतन 18,000 से 56,900 रुपये तक है।
कितना देना होगा आवेदन शुल्क?
अनारक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को 450 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा। वहीं हिमाचल प्रदेश की SC, ST, OBC, EWS और PH जैसी आरक्षित श्रेणियों के उम्मीदवारों के लिए शुल्क 300 रुपये निर्धारित है। फीस का भुगतान केवल ऑनलाइन माध्यम से किया जा सकता है। एक बार जमा किया गया आवेदन शुल्क वापस नहीं किया जाएगा।
कैसे होगा चयन?
स्टेनोग्राफर ग्रेड-III के लिए पहले स्क्रीनिंग टेस्ट होगा। इसके बाद स्टेनोग्राफी और टाइपिंग टेस्ट लिया जाएगा। उम्मीदवारों को 80 शब्द प्रति मिनट की स्टेनोग्राफी गति के साथ अंग्रेजी में 40 और हिंदी में 30 शब्द प्रति मिनट की टाइपिंग स्पीड हासिल करनी होगी।
क्लर्क पद पर चयन स्क्रीनिंग टेस्ट, लिखित परीक्षा और मूल्यांकन के आधार पर होगा। ड्राइवर पद के लिए स्क्रीनिंग टेस्ट के साथ ड्राइविंग दक्षता परीक्षा और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन किया जाएगा।
वहीं चपरासी, अर्दली, चौकीदार और सफाई कर्मचारी पदों के लिए 10वीं और 12वीं के अंकों के आधार पर 1:3 के अनुपात में उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। इसमें शैक्षणिक योग्यता के लिए 85 अंक और दस्तावेज मूल्यांकन के लिए 15 अंक निर्धारित हैं।
ऐसे करें आवेदन
उम्मीदवारों को सबसे पहले हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। इसके बाद भर्ती से संबंधित ऑनलाइन आवेदन लिंक पर क्लिक करके रजिस्ट्रेशन करना होगा। आवेदन फॉर्म में मांगी गई व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी भरने के बाद जरूरी दस्तावेज अपलोड करें। इसके बाद अपनी श्रेणी के अनुसार आवेदन शुल्क जमा कर फॉर्म सबमिट कर दें। भविष्य के लिए आवेदन फॉर्म का प्रिंटआउट या PDF सुरक्षित रखना न भूलें।