डिजिटल डेस्क, हैदराबाद। हैदराबाद में 6 लोगों की बेरहमी से हत्या करने वाले आरोपी राज कुमार का शव सोमवार दोपहर रंगारेड्डी जिले के पंजारला गांव में मिला है। पुलिस पिछले 60 घंटों से उसकी तलाश में जुटी थी। पुलिस को शक है कि आरोपी ने जहर पीकर खुदकुशी कर ली है, क्योंकि उसके शव के पास से एक कीटनाशक की बोतल मिली है।
मामले में फ्यूचर सिटी के पुलिस कमिश्नर तरुण जोशी ने बताया कि पुलिस को डायल 100 पर एक ग्रामीण का फोन आया था। उसने बताया कि एक रियल एस्टेट साइट के पास झाड़ियों में एक अज्ञात शव पड़ा है। जब पुलिस वहां पहुंची, तो पता चला कि यह शव उसी राज कुमार का है, जिसकी तलाश पिछले ढाई दिनों से की जा रही थी।
आरोपी पर 6 हत्या का आरोप?
बता दें कि यह पूरा मामला आपसी रंजिश और बदले से जुड़ा है। आरोपी राज कुमार के खिलाफ मई के महीने में एक 16 साल की नाबालिग लड़की और उसके परिवार ने पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कराया था।
इसी का बदला लेने के लिए शुक्रवार रात राज कुमार उस लड़की के घर गया। उसने वहां लड़की की मां और नानी की हत्या कर दी। इसके बाद वह नाबालिग लड़की को जबरन अपनी कार में बिठाकर ले गया और एक झील के पास ले जाकर चाकू मारकर उसकी भी जान ले ली। इसके बाद भी उसका गुस्सा शांत नहीं हुआ। उसने अपने घर लौटकर अपनी पत्नी और अपने दो मासूम बेटों की भी हत्या कर दी।
पिता को फोन कर दी थी जानकारी
गौरतलब है कि 6 लोगों का मर्डर करने के बाद आरोपी राज कुमार ने अपने पिता को फोन किया था। उसने फोन पर कहा कि उसने छह लोगों को मार डाला है और अब वह खुद भी जान देने जा रहा है। इसके बाद उसने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया था। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।