‘होर्मुज के हम गार्जियन, हम ही करेंगे कंट्रोल’; ईरान संग भड़की जंग के बीच ट्रंप का दावा, International Hindi News


ईरान ने बिना अनुमति हुए समुद्री आवागमन का हवाला देते हुए जलमार्ग को बंद करने की घोषणा की थी। तेहरान ने कहा कि फिलहाल मार्ग बंद रहेगा और स्थिति सामान्य होने व शांति बहाल होने के बाद ही जहाजों को गुजरने की इजाजत मिलेगी।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज स्ट्रेट को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि यूएस को होर्मुज का नियंत्रण अपने हाथ में लेना चाहिए और इसकी सुरक्षा के बदले अन्य देशों से भुगतान भी मिलना चाहिए। फॉक्स न्यूज को दिए टेलीफोनिक इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि अमेरिका इस जलमार्ग की सुरक्षा करेगा और संभव है कि इसका संचालन भी अपने हाथ में ले। उन्होंने कहा कि अमेरिका इस क्षेत्र का गार्डियन बनेगा और इसे गार्डियन एंजेल ऑफ द स्ट्रेट भी कहा जा सकता है।

डोनाल्ड ट्रंप का कहना था कि दुनिया के कई समृद्ध देश इस जलमार्ग पर निर्भर हैं। वे अमेरिका के सहयोगी भी हैं, इसलिए सुरक्षा का पूरा बोझ अकेले अमेरिका पर नहीं डाला जा सकता। उनके अनुसार, इस जिम्मेदारी के बदले यूएस को पर्याप्त पेमेंट मिलना चाहिए। होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के सबसे अहम समुद्री व्यापार मार्गों में से एक है, जहां से वैश्विक कच्चे तेल और गैस की बड़ी मात्रा गुजरती है। हाल के दिनों में इस क्षेत्र में बढ़े तनाव के कारण वैश्विक ऊर्जा बाजार पर भी असर पड़ा है।

कच्चे तेल की कीमतों में आई तेजी

ईरान की ओर से होर्मुज पर प्रभावी रोक लगाए जाने के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई है और दुनिया भर में महंगाई बढ़ने की आशंका भी गहरा गई है। ईरान ने शनिवार को बिना अनुमति हुए समुद्री आवागमन का हवाला देते हुए जलमार्ग को बंद करने की घोषणा की थी। इसके बाद रविवार को तेहरान ने कहा कि फिलहाल मार्ग बंद रहेगा और स्थिति सामान्य होने व शांति बहाल होने के बाद ही जहाजों को गुजरने की इजाजत दी जाएगी।

ईरान पर पहले हुए समझौतों को तोड़ने का आरोप

डोनाल्ड ट्रंप ने बातचीत के दौरान ईरान पर पहले हुए समझौतों को तोड़ने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के बीच एक समझौता हो चुका था, लेकिन ईरान ने उसे तोड़ दिया। ट्रंप ने दावा किया कि अतीत में भी ईरान कई बार समझौतों का उल्लंघन कर चुका है। उन्होंने कहा कि अब अमेरिका ईरान के खिलाफ कड़ा रुख अपनाएगा। वहीं, ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कॉर्प्स ने सोमवार को जारी बयान में कहा कि होर्मुज स्ट्रेट में सामान्य समुद्री आवाजाही तभी बहाल हो सकती है, जब अमेरिका इस क्षेत्र में अपने सैन्य हस्तक्षेप को समाप्त करे। आईआरजीसी ने चेतावनी दी कि अगर अमेरिकी दखल जारी रहा तो वैश्विक तेल और गैस क्षेत्र में और बड़े संकट पैदा हो सकते हैं।



Leave a Comment