Jio Financial Services share: मुकेश अंबानी की कंपनी जियो फाइनेंशियल सर्विसेज (JFSL) ने गुरुवार को मार्केट बंद होने के बाद जून तिमाही (Q1 FY27) के लिए अपने फाइनेंशियल नतीजे घोषित किए हैं। इस तिमाही के दौरान कंपनी का मुनाफा ₹830 करोड़ रहा, जो पिछले साल की इसी तिमाही के ₹325 करोड़ से 156% अधिक है। एक तिमाही पहले के मुकाबले प्रॉफिट में 205% की बढ़ोतरी हुई। बता दें कि जियो फाइनेंशियल, रिलायंस इंडस्ट्रीज की ही सब्सिडयरी कंपनी है। इसके शेयर की कीमत गुरुवार को 235.65 रुपये पर थी। यह शेयर एक दिन पहले के मुकाबले गिरकर बंद हुआ। अब शुक्रवार को कंपनी के शेयर पर निवेशकों की नजर रहेगी।
जियो फाइनेंशियल की आय
जियो फाइनेंशियल को ऑपरेशन से होने वाली आय में भी जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है। यह पिछली तिमाही के ₹612 करोड़ से बढ़कर ₹2004 करोड़ हो गई, जो 223% की बढ़ोतरी है। ऑपरेटिंग खर्चों में भारी बढ़ोतरी के बावजूद, मुख्य आय स्रोतों में मजबूत बढ़ोतरी और ज्यादा डिविडेंड आय से प्रॉफिट बढ़ाने में मदद मिली। कुल आय सालाना आधार पर 141% बढ़कर ₹1,496 करोड़ हो गई।
इसकी वजह ब्याज से होने वाली आय में 165% की बढ़ोतरी (जो ₹962 करोड़ हो गई) और फीस, कमीशन से होने वाली आय में 5 गुना से अधिक बढ़ोतरी (जो ₹325 करोड़ हो गई) थी। कंपनी ने इस तिमाही में ₹509 करोड़ की डिविडेंड आय भी दर्ज की। कुल खर्च सालाना आधार पर 291% बढ़कर ₹991 करोड़ हो गए।
जियो फाइनेंशियल ने कहा कि उसके नॉन-बैंकिंग फाइनेंस कंपनी यानी NBFC बिजनेस ने मजबूत ऑर्गेनिक ग्रोथ बनाए रखी, जिसमें तिमाही डिस्बर्समेंट ₹11,252 करोड़ रहा। यह सालाना आधार पर 2.7 गुना ज्यादा है। वहीं, जियो क्रेडिट लिमिटेड का एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (AUM) ₹30667 करोड़ रहा, जो सालाना आधार पर 2.6 गुना से ज्यादा की बढ़ोतरी दिखाता है।
कंपनी के सीईओ ने क्या कहा?
कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO, हितेश सेठिया ने कहा, “हमारे सभी वर्टिकल्स में लगातार बनी हुई बिजनेस की रफ्तार हमारे फुल-स्टैक इकोसिस्टम के बारीक आर्किटेक्चर और हमारे काम करने के तरीके की मजबूती को साबित करती है। AI और डेटा एनालिटिक्स को रणनीतिक रूप से शामिल करके, हमने पूरी वैल्यू चेन में काफी अधिक दक्षता हासिल की है।”
कंपनी का हुआ है गठन
हाल ही में जियो फाइनेंशियल सर्विसेज और जर्मनी की कंपनी आलियांज के ज्वाइंट वेंचर-जियो आलियांज जनरल इंश्योरेंस लिमिटेड का गठन हुआ है। दोनों की इस बीमा कंपनी में 50-50 प्रतिशत हिस्सेदारी होगी। जियो आलियांज जनरल इंश्योरेंस लिमिटेड भारत में स्वास्थ्य बीमा सहित साधारण बीमा कारोबार करेगी। बता दें कि पिछले वर्ष आलियांज ने बजाज फिनसर्व के साथ अपने दो ज्वाइंट वेंचर में 26 प्रतिशत हिस्सेदारी लगभग 2.84 अरब अमेरिकी डॉलर में बेचने की घोषणा की थी। इसके साथ ही दोनों कंपनियों के बीच 24 वर्ष पुरानी साझेदारी समाप्त हो गई थी।