34% बढ़ा इस दिग्गज बैंक का मुनाफा, 25 रुपये से भी कम का है शेयर, Business Hindi News


प्राइवेट सेक्टर के यस बैंक और एक्सिस बैंक ने जून तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। इस तिमाही नतीजे के बाद अब सोमवार को दोनों ही बैंक के शेयर पर निवेशकों की नजर रहेगी। बता दें कि यस बैंक के शेयर की कीमत बीएसई इंडेक्स पर 23.63 रुपये है। वहीं, एक्सिस बैंक के शेयर की बात करें तो 1328.95 रुपये पर है। बहरहाल, आइए जानते हैं दोनों बैंकों के तिमाही नतीजे।

यस बैंक के नतीजे

जून तिमाही के दौरान यस बैंक की नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) या कोर इनकम ₹2786.3 करोड़ रही, जो पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में 17.5% ज्यादा है। इस अवधि में नेट प्रॉफिट ₹1070 करोड़ रहा। साल-दर-साल आधार पर यस बैंक का मुनाफा 34% बढ़ा। बैंक की एसेट क्वालिटी पिछली तिमाही के मुकाबले स्थिर रही। बैंक का ग्रॉस NPA 1.3% रहा जबकि नेट NPA भी 0.2% रहा। पहले जारी किए गए बिजनेस अपडेट के मुताबिक, Yes Bank के नेट एडवांसेज (दिए गए लोन) पिछले साल के मुकाबले 18.4% बढ़कर ₹2.85 लाख करोड़ हो गए। एडवांसेज में पिछली तिमाही के मुकाबले भी 4.3% की बढ़ोतरी हुई। इस तिमाही में डिपॉजिट्स (जमा राशि) साल-दर-साल आधार पर 14.3% बढ़े लेकिन पिछली तिमाही के मुकाबले 1.1% घटकर ₹3.15 लाख करोड़ रह गए।

एक्सिस बैंक के तिमाही नतीजे

चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में एक्सिस बैंक को एकल आधार पर 7,114 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ है जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही से 23 प्रतिशत अधिक है। बैंक ने कहा कि पहली तिमाही में ब्याज से प्राप्त शुद्ध आय आठ प्रतिशत बढ़कर 14,646 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। तिमाही में बैंक का परिचालन लाभ भी पांच फीसदी ऊपर 11,659 करोड़ रुपये पर रहा। बैंक ने तिमाही में कुल 2,223 करोड़ रुपये का प्रावधान किया जिसमें 2,079 करोड़ रुपये का प्रावधान डूबे हुए या जोखिम में फंसे ऋण के लिए किया गया है। इस मद में बैंक का कुल प्रावधान बढ़कर 15.608 करोड़ रुपये हो गया है।

तिमाही के दौरान बैंक के बैलेंसशीट का आकार 20 प्रतिशत बढ़कर 19,21,966 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इसमें बैंक के पास जमा राशि सालाना 18 प्रतिशत की दर से बढ़ी है। चालू खातों में जमा राशि छह प्रतिशत, बचत खातों में 14 प्रतिशत और सावधि जमा में 23 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी है। कुल जमा में चालू-बचत खातों की हिस्सेदारी 38 प्रतिशत रही। बैंक द्वारा दिए गए लोन में सालाना 19 प्रतिशत का उछाल आया। यह 30 जून 2026 को 12,61,557 करोड़ रुपये रहा। खुदरा लोन आठ फीसदी बढ़कर 6,75,546 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इसमें 26 प्रतिशत होम लोन है।



Leave a Comment