भारत को इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। जो रूट का शतक तो भारी पड़ा ही, साथ ही टीम इंडिया ने कई गलतियां की। बल्लेबाजों ने सबसे ज्यादा निराश किया। आईए जानते हैं हार के 5 कारण-

शुभमन गिल की अगुवाई वाली टीम इंडिया को इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। भारत ने पहले बैटिंग करते हुए मेजबानों के सामने 234 रनों का मामूली टारगेट रखा था। मॉर्डन डे क्रिकेट के हिसाब से यह स्कोर काफी छोड़ा है। कार्डिफ की पिच पर भारतीय बल्लेबाज संघर्ष करते नजर आए। हालांकि विराट कोहली और उप-कप्तान श्रेयस अय्यर ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। इंग्लैंड के लिए इस रनचेज के हीरो जो रूट रहे, जिन्होंने 99 रनों की नाबाद पारी खेली। भारत ने एक समय पर इंग्लैंड के 5 विकेट 125 रन पर गिरा दिए थे, मगर फिर भी टीम इंडिया जीत नहीं दर्ज कर पाई। आईए एक नजर भारत की हार के 5 बड़े कारणों पर डालते हैं-
- रोहित शर्मा ने किया निराश- टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत काफी धीमी रही। इसका मुख्य कारण पूर्व कप्तान रोहित शर्मा रहे। 2025 चैंपियंस ट्रॉफी तक रोहित शर्मा काफी आक्रामक अंदाज में पारी का आगाज करते थे, मगर कप्तानी छिनने के बाद उनके स्ट्राइक रेट में काफी कमी आई है। बड़ा स्कोर बनाने के चक्कर में वह अपनी पारी को उस तरह की शुरुआत नहीं दे पा रहे हैं जिसके लिए वह जाने जाते हैं। कार्डिफ में दूसरे टी20 में वह 26 रन बनाकर आउट हुए। इसके लिए उन्होंने 47 गेंदों का सामना किया, जिसमें 1 चौका और 1 ही छक्का शामिल था। रोहित ने एक बार फिर हर किसी का दिल तोड़ा। रिपोर्ट्स हैं कि 19 जुलाई को होने वाला तीसरा वनडे रोहित शर्मा के करियर का आखिरी मैच हो सकता है। यह मैच लॉर्ड्स के मैदान पर खेला जाएगा।
- कोहली के आउट होते ही डूबी टीम इंडिया- रोहित शर्मा, शुभमन गिल और ईशान किशन के आउट होने के बाद भारत का स्कोर 3 विकेट के नुकसान पर 111 रन था। कोहली ने श्रेयस अय्यर के साथ पारी को संभाला। दोनों खिलाड़ी शानदार बैटिंग कर रहे थे और टीम इंडिया को बड़े स्कोर की तरफ ले जाने की कोशिश कर रहे थे। मगर जैसे ही 32वें ओवर में जोफ्रा आर्चर ने विराट कोहली को आउट किया तो भारतीय टीम ताश के पत्तों की तरह ढह गई।
- 55 पर आखिरी 7 विकेट- कोहली का विकेट 32वें ओवर में 178 के स्कोर पर गिरा था। इसके बाद 44वें ओवर के अंत तक भारतीय टीम घुटनों पर थी। 233 के स्कोर पर भारत सेरंडर कर चुका था। इंग्लैंड ने 12 ओवर के अंदर भारत के 7 विकेट चटकाकर पूरी टीम को समेट दिया था। पिछले मैच के हीरो अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर भी नहीं चल पाए। वहीं शिवम दुबे तो पहली गेंद पर आउट हो गए। वो तो जसप्रीत बुमराह ने अंत में 13 गेंदों पर 20 रनों की नाबाद पारी खेली, जिस वजह से टीम 233 तक भी पहुंच पाई। नहीं तो भारतीय टीम इससे पहले ही ऑलआउट हो जाती।
- फिनिशर की कमी- हार्दिक पांड्या की कमी भारत को लिमिटेड ओवर क्रिकेट में खूब सता रही है। चोटिल होने की वजह से वह इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज का हिस्सा नहीं है। उनकी रिप्लेसमेंट नीतिश कुमार रेड्डी भी इंजर्ड हैं। ऐसे में शिवम दुबे को मौका दिया गया है। दुबे का प्रदर्शन टी20 क्रिकेट में तो शानदार है, मगर जब बात वनडे की आती है तो उन्होंने अभी तक सिर्फ निराश किया है। 6 मैचों के बाद दुबे का वनडे में औसत 8.6 का है। वनडे में 5 नंबर के बाद भारत के पास कोई भरोसेमंद बल्लेबाज नहीं है। इस मैच में वैसे भी केएल राहुल बिमार होने की वजह से नहीं खेले। उनकी जगह आए ईशान किशन ने भी 1 रन बनाकर निराश किया।
- भारतीय गेंदबाजों के पास जो रूट का तोड़ नहीं- 234 की रनचेज में जब भारत ने 125 के स्कोर पर आधी इंग्लिश टीम को पवेलियन का रास्ता दिखा दिया था, तब कुछ उम्मीद जागी थी। मगर जो रूट अभी भी क्रीज पर थे। हर किसी को पता था कि जब तक रूट है तब तक इंग्लैंड मैच से बाहर नहीं हुआ है। हुआ भी ऐसा ही। इंग्लैंड के इस स्टार बल्लेबाज ने निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ साझेदारी कर टीम को जीत दिलाई। इंग्लैंड ने 44.1 ओवर में यह टारगेट चेज कर लिया। रूट 99 रन पर नाबाद रहे। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया।
लेखक के बारे में
Lokesh Khera
लोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ें
