6 लाख देकर सऊदी पहुंचा, नौकरी की जगह मिली जेल; गाज‍ियाबाद लौटने पर मिली जान से मारने की धमकी


जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। विदेश में अच्छी नौकरी और मोटी तनख्वाह का लालच देकर युवक से छह लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। पीड़ित को सऊदी अरब का वीजा और टिकट दिलाकर वहां भेज दिया, लेकिन नौकरी दिलाने के बजाय उसे कई दिन घुमाते रहे। वीजा की अवधि समाप्त होने पर सऊदी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पीड़ित के भारत लौटने के बाद रुपये वापस मांगने पर आरोपितों ने जान से मारने की धमकी दी। कोर्ट के आदेश पर वेव सिटी थाना पुलिस ने दो आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

डासना निवासी जफर ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि वर्ष 2025 में उसकी मुलाकात शाहजाद से हुई थी। शाहजाद ने दावा किया कि वह सऊदी अरब में वाहन चालकों की नौकरी लगवाता है और वहां एक से डेढ़ लाख रुपये मासिक वेतन मिलता है।

उसने पीड़ित को भरोसा दिलाया कि विदेश भेजने के लिए पांच से छह लाख रुपये खर्च होंगे। रुपये का इंतजाम न होने पर आरोपी ने मकान बेचने तक की सलाह दी। इसके बाद अलग-अलग किस्तों में छह लाख रुपये लेकर वीजा, टिकट और अन्य दस्तावेज उपलब्ध कराए।

पीड़ित छह सितंबर 2025 को सऊदी अरब पहुंचा। जहां आरोपित के भेजे व्यक्ति ने उसे अपने साथ रखा, लेकिन नौकरी नहीं दिलाई। कई महीने बीतने के बाद वीजा समाप्त हो गया और स्थानीय पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। करीब एक सप्ताह जेल में रहने के बाद उसे 15 फरवरी को भारत डिपोर्ट कर दिया गया।

यहां लौटकर उसने रुपये मांगे तो आरोपितों ने टालमटोल की और बाद में धमकी देकर भगा दिया। एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल का कहना है कि आरोपितों के खिलाफ धोखाधड़ी, धमकी और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के आधार पर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।



Leave a Comment